Home » पश्चिम बंगाल » बीरभूम में होटल में भीषण अग्निकांड, सोते समय 7 लोगों की मौत, कई झुलसे; बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

बीरभूम में होटल में भीषण अग्निकांड, सोते समय 7 लोगों की मौत, कई झुलसे; बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

होटल में AC से लगी आग, 7 की मौत

Tarapith Hotel Fire: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तारापीठ इलाके में सोमवार सुबह एक होटल में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम सात लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।फिलहाल आग लगने की सही वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटनास्थल पर राहत, बचाव और आग पर पूरी तरह काबू पाने का काम जारी रहा।

AC में आग लगने से फैली लपटें

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, होटल की पहली मंजिल पर रिसेप्शन के पास लगे AC में आग लगी थी। इसके बाद आग धीरे-धीरे होटल के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। बताया गया कि होटल में फायर सिक्योरिटी की व्यवस्था थी, लेकिन घटना के समय कथित तौर पर फायर अलार्म नहीं बजा।कुछ ही देर में पूरा होटल धुएं से भर गया। धुएं के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। कुछ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कुछ लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

सो रहे थे होटल में ठहरे लोग

पुलिस के अनुसार, तारापीठ मंदिर नगरी में स्थित यह चार मंजिला होटल उस समय लोगों से भरा हुआ था। आग लगने के दौरान ज्यादातर मेहमान सो रहे थे। जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों ने शुरुआत में पांच लोगों की मौत की जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़कर सात होने की पुष्टि की।वहीं, होटल प्रबंधन की ओर से दावा किया गया है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी।

होटल के अंदर मची अफरातफरी

आग के दौरान होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। कोलकाता की रहने वाली एक महिला किसी तरह होटल से बाहर निकलने में सफल रही। उसने बताया कि अचानक पूरे होटल में धुआं भर गया था। धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो रहा था और बाहर निकलने का रास्ता तलाशना भी बेहद कठिन हो गया था।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में कुछ तीर्थयात्री भी शामिल हैं। ये लोग प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए तारापीठ आए थे।हादसे के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। आग लगने के कारणों और होटल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें…तीसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 किमी से ज्यादा लंबी कतार