Awadh Ojha’s Statement: मशहूर कोचिंग शिक्षक और आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता अवध ओझा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भूमिका और भाजपा की नीतियों की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा पहले से ही राष्ट्रवाद, भारतीय परंपरा और संस्कृति से जुड़ी रही है। ओझा ने यह भी खुलासा किया कि वह 2024 में भाजपा के टिकट पर इलाहाबाद (प्रयागराज) से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी की ओर से उन्हें कैसरगंज से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया गया था।
राष्ट्रवाद और भारतीय संस्कृति के मुद्दों पर RSS के करीब बताया
‘सुशासन संवाद-राजस्थान’ कार्यक्रम में अवध ओझा ने कहा कि राष्ट्रवाद, भारतीय परंपरा और संस्कृति की पहचान जैसे मुद्दों पर वह खुद को RSS के विचारों के करीब पाते हैं।उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा बदली नहीं है और वह पहले भी इन्हीं विचारों के साथ रहे हैं।
Awadh Ojha’s Statement: 2024 में BJP से इलाहाबाद का टिकट मांगा था
अवध ओझा ने अपने राजनीतिक सफर से जुड़ा बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि 2024 में उन्होंने भाजपा से प्रयागराज की इलाहाबाद सीट से टिकट मांगा था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इलाहाबाद से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई तो पार्टी की ओर से उन्हें कैसरगंज से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया गया। हालांकि, इस सीट को लेकर उनकी सहमति नहीं बनी।
अटल सरकार की योजनाओं की तारीफ
ओझा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कार्यकाल की भी प्रशंसा की। उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की पाकिस्तान नीति का जिक्र करते हुए लाहौर बस यात्रा और पड़ोसी देश के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने के प्रयासों की भी चर्चा की।
Awadh Ojha’s Statement: 1962 के युद्ध का जिक्र कर RSS की भूमिका बताई
RSS की तारीफ करते हुए अवध ओझा ने 1962 के भारत-चीन युद्ध का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उस समय RSS ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पत्र लिखकर देश की सेना और पुलिस को सीमा पर तैनात करने तथा आंतरिक व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी लेने की पेशकश की थी। ओझा ने कहा कि किसी भी घटना को देखने के लिए नजरिया महत्वपूर्ण होता है और अलग-अलग लोग एक ही चीज को अलग तरीके से देखते हैं।
2025 में AAP के टिकट पर लड़ा था चुनाव
अवध ओझा ने बाद में आम आदमी पार्टी के टिकट पर 2025 में दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। अब RSS और भाजपा के प्रति उनके हालिया बयानों ने उनके राजनीतिक रुख को लेकर चर्चा तेज कर दी है।








