Sawan Third Monday: सावन के तीसरे सोमवार पर देश के अलग-अलग हिस्सों से हादसों की कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। बिहार के लखीसराय में मंदिर के बाहर भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पश्चिम बंगाल के तारापीठ में होटल में लगी भीषण आग ने कई जिंदगियां लील लीं, जबकि महाराष्ट्र के पालघर में एक फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं ने प्रशासन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लखीसराय में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत
बिहार के लखीसराय जिले में सावन के तीसरे सोमवार को अशोक धाम मंदिर के पास भगदड़ मचने से कम से कम 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। हादसा अशोक धाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ, जहां सोमवार को पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।बताया जा रहा है कि रात के समय रास्ते पर बिजली का एक पोल तार समेत गिर गया था। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच पोल में करंट फैलने की अफवाह फैल गई। अफवाह के बाद वहां मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इस दौरान कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए।
Sawan Third Monday: उज्जैन के महाकाल मंदिर में भी मची अफरा-तफरी
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में भी सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह फैल गई।अफवाह के बाद कतार में खड़े श्रद्धालुओं में घबराहट फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कुछ श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और प्रशासन ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।
तारापीठ के होटल में भीषण आग, 5 की मौत
पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ में भी सावन के तीसरे सोमवार से पहले एक दर्दनाक हादसा हुआ। मंदिर के पास स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।बताया जा रहा है कि आग होटल के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई और देखते ही देखते चार मंजिला इमारत में फैल गई। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। होटल मंदिर के बेहद करीब था, जिसके कारण सावन में दर्शन के लिए पहुंचे कई श्रद्धालु वहां ठहरे हुए थे।
पालघर की फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट
महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोईसर एमआईडीसी इलाके में स्थित विराज प्रोफाइल कंपनी में भी सोमवार को जोरदार विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि उत्पादन का काम चल रहा था, तभी करीब 11 बजे फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया।विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कुछ मजदूर झुलस गए हैं। घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।सावन के तीसरे सोमवार पर देश के कई धार्मिक और औद्योगिक इलाकों में हुए इन हादसों ने एक बार फिर भीड़ प्रबंधन, बिजली सुरक्षा और आपदा तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे, वहीं दूसरी ओर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री ब्लास्ट की घटना ने सुरक्षा मानकों की ओर ध्यान खींचा है। इन घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
ये भी पढ़े…… हनीमून पर पत्नी को पीरियड्स आए तो भड़का पति, मारपीट का आरोप पुलिस ने दर्ज की FIR








