CM YOGI NEWS: उत्तर प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था में तकनीक और पारदर्शिता से आए बदलावों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ई-पॉस मशीन और सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी से राशन व्यवस्था में बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है। इससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों का सम्मान भी बढ़ा है।
2017 से शुरू हुई ई-पॉस व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की राशन व्यवस्था में बदलाव और कोटेदारों के प्रति लोगों की धारणा बदलने के लिए 2017 में ई-पॉस मशीन लगाने की शुरुआत की गई। इसके बाद FCI के गोदाम से सीधे कोटे की दुकानों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था लागू की गई। योगी ने कहा कि इससे वितरण व्यवस्था में बीच के बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई और जवाबदेही तय हुई।
CM YOGI NEWS: पारदर्शिता से बढ़ा कोटेदारों का सम्मान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुरानी व्यवस्था में राशन शासन स्तर से नहीं पहुंचने पर भी इसका दोष उचित दर विक्रेताओं पर मढ़ दिया जाता था। कोटेदारों को लोगों की नाराजगी और बदनामी झेलनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता आने के बाद कोटेदारों को मिलने वाला कमीशन बढ़ा और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा में भी सुधार हुआ। नई ई-पॉस आधारित फीडबैक व्यवस्था से अब उनकी समस्याओं और सुझावों को सीधे व्यवस्था तक पहुंचाया जा सकेगा।
राशन की दुकानों को बनाया जा रहा अन्नपूर्णा भवन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर उचित दर की दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इन भवनों में राशन वितरण के साथ भंडारण की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य इन दुकानों को केवल राशन बांटने का केंद्र नहीं, बल्कि सुविधायुक्त और सम्मानजनक स्वरूप देना है।
CM YOGI NEWS: करीब 15 करोड़ लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन
योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले गरीबों तक राशन पहुंचने की व्यवस्था खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह गरीबों के राशन कार्ड प्रभावशाली लोगों के पास रहते थे और पात्र लोग खाद्यान्न से वंचित रह जाते थे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्तमान में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश के करीब 15 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। निराश्रित और दिव्यांगजनों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
बिजली और गैस कनेक्शन का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब दो करोड़ परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन और 1.53 करोड़ परिवारों को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य गरीब और वंचित वर्ग तक सीधे लाभ पहुंचाना है।
CM YOGI NEWS: बेसिक शिक्षा में बदलाव का भी दावा
योगी ने राशन व्यवस्था के साथ बेसिक शिक्षा में किए गए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले कई सरकारी स्कूलों में भवन और पर्याप्त शिक्षक नहीं थे। कुछ जगह शिक्षकों की संख्या के मुकाबले विद्यार्थियों की संख्या कम थी और बच्चे बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते थे। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि परिषदीय स्कूलों में फर्श, अलग-अलग शौचालय और फर्नीचर जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया गया है।
1.60 करोड़ बच्चों को सुविधाएं
मुख्यमंत्री के अनुसार करीब 1.60 करोड़ बच्चों को स्कूल बैग, यूनिफॉर्म, स्वेटर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर जाकर देखी जानी चाहिए।
CM YOGI NEWS: बोले- घोषणाओं से नहीं, नतीजों से तय होती है प्रगति
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी राज्य की प्रगति केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों से तय होती है। उनके मुताबिक तकनीक, पारदर्शिता और जवाबदेही के जरिए ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिसका लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे।
ये भी पढ़े… राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, छात्रों से खुद मिलने की अपील; आंदोलन खत्म कराने का दिया सुझाव








