RAHUL GANDHI NEWS: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन के समाधान के लिए उनसे आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मिलने का आग्रह किया है। राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से छात्रों में भरोसा बढ़ेगा और लंबित मुद्दों के समाधान का रास्ता साफ होगा।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार: राहुल गांधी
14 अगस्त को लिखे पत्र को रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने रविवार देर शाम मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर हेमंत सोरेन को सौंपा। पत्र सोमवार को सार्वजनिक हुआ।राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना संविधान प्रदत्त अधिकार है और लोकतंत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनने की अपील की।
RAHUL GANDHI NEWS: सरकार की बातचीत की पहल की सराहना
राहुल गांधी ने छात्रों की मांगों पर बातचीत के लिए राज्य सरकार की ओर से समिति गठित किए जाने और संवाद शुरू करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी है, लेकिन कुछ छात्र अब भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह खुद आंदोलन स्थल पर जाकर या छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनें।
‘सीधी बातचीत से छात्रों में बढ़ेगा भरोसा’
राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत पहल से छात्रों के बीच भरोसा पैदा होगा और बाकी बचे मुद्दों को सुलझाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश के युवा भारत का भविष्य हैं और मौजूदा संकट के समय उनके साथ एकजुटता जरूरी है।
RAHUL GANDHI NEWS: JSSC-CGL रद्द करने और CBI जांच की मांग पर गतिरोध
झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र पिछले 24 दिनों से रांची में आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारी JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। सरकार ने सोमवार को आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को दोपहर 2 बजे फिर बातचीत के लिए बुलाया है।
कुछ मांगों पर बनी सहमति, दो मुद्दों पर अब भी पेच
सरकार और छात्रों के बीच हुई पिछली वार्ताओं में परीक्षा सुधार से जुड़ी कई मांगों पर सहमति बनी थी। सरकार 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा और बैकलॉग सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने की घोषणा भी कर चुकी है। हालांकि, JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग पर अब भी गतिरोध बना हुआ है। ऐसे में सोमवार की प्रस्तावित वार्ता से पहले राहुल गांधी का मुख्यमंत्री से छात्रों से सीधे मिलने का आग्रह राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये भी पढ़े… UPMSP कंपार्टमेंट रिजल्ट जारी, इन स्टेप्स से डाउनलोड करें रिजल्ट








