Meerut Hotel Case: मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक होटल में सोमवार को 23 वर्षीय युवक के साथ नाबालिग हिंदू लड़की के मिलने से हंगामा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और युवक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नाबालिग के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
होटल के कमरे में मिले युवक-युवती
मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित होटल रंजीत का है। युवक और नाबालिग लड़की के होटल में होने की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों एक कमरे में मिले।युवक की पहचान 23 वर्षीय फरदीन के तौर पर हुई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि युवक नाबालिग लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिला था। इसको लेकर होटल में काफी हंगामा हुआ। बाद में पुलिस ने फरदीन को हिरासत में लिया और उसे थाने ले गई।
नाम छिपाकर दोस्ती करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने नाबालिग से अपनी पहचान छिपाई और दूसरे नाम से उससे दोस्ती की। इसके बाद उस पर लड़की के शोषण का भी आरोप लगाया गया है।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को सूचना दी। वहीं, हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन से जुड़े सचिन सिरोही ने भी मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों की शिकायत पर FIR
नाबालिग के परिजनों ने सदर थाने में शिकायत देकर आरोपी पर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धारा 64(1)/75(2) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।इसके बाद पुलिस ने आरोपी फरदीन को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मां को फोन कर बताई पूरी घटना
मेडिकल थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सोमवार को अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर के समय बेटी ने अपनी मां को फोन किया।लड़की ने फोन पर बताया कि आरोपी फरदीन उसे जबरन होटल लेकर आया है। उसने आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया। बेटी की बात सुनने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- फांसी की जगह जहरीला इंजेक्शन? सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका, जानें क्यों नहीं बदला मौत की सजा का तरीका








