Delhi Sanitation Worker Murder: दिल्ली के पूर्वी इलाके के कल्याणपुरी में 27 वर्षीय MCD सफाईकर्मी अनिल कुमार की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या के बाद मामला गरमा गया है। घटना के विरोध में मंगलवार को सफाईकर्मियों और स्थानीय लोगों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
Delhi Sanitation Worker Murder: प्रदर्शन में शामिल हुए विधायक कुलदीप कुमार-
प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के कोंडली विधायक कुलदीप कुमार भी शामिल हुए। इसी बीच आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विधायक को हिरासत में ले लिया। पार्टी ने दावा किया कि पुलिस कुलदीप कुमार के ठिकाने की जानकारी भी नहीं दे रही है।
Delhi Sanitation Worker Murder: अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप-
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस सुबह करीब 4 बजे विधायक कुलदीप कुमार को उनके घर से ले गई। केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने CCTV तोड़े और DVR अपने साथ ले गई। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक स्थिति सामने नहीं आई है।
AAP नेता संजीव झा ने भी उठाए सवाल-
AAP नेता संजीव झा ने कहा कि कुलदीप कुमार सफाईकर्मी की हत्या के मामले में आवाज उठा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विधायक के ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं दे रही है। संजीव झा ने कहा कि जब तक विधायक के बारे में जानकारी नहीं मिलती, प्रदर्शन जारी रहेगा।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार-
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी निहाल कुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या की वजह और वारदात से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है।
परिवार को 8 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान-
मृतक अनिल कुमार के परिवार के लिए दिल्ली सरकार की ओर से 8 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की गई है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल आर्थिक मदद पर्याप्त नहीं है। वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सफाईकर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
सफाईकर्मियों ने दी आंदोलन जारी रखने की चेतावनी-
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर की सफाई में दिन-रात जुटे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।
यह भी पढ़े- सीवान में AK-47 फायरिंग मामले में SP पर गिरी गाज, पूरन कुमार झा हटाए गए








