Home » राष्ट्रीय » यूपी में जापानी निवेश का मेगा प्लान, 200 से ज्यादा कारोबारी पहुंचे भारत; योगी-गोयल ने किया जोरदार स्वागत

यूपी में जापानी निवेश का मेगा प्लान, 200 से ज्यादा कारोबारी पहुंचे भारत; योगी-गोयल ने किया जोरदार स्वागत

Yogi

Yogi: उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी का स्वागत किया। गवर्नर 200 से अधिक जापानी सीईओ, कारोबारी नेताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे हैं। पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य जापान की उत्तर प्रदेश में बढ़ती निवेश रुचि को ठोस परियोजनाओं, तकनीकी साझेदारी और रोजगार के अवसरों में बदलना है।

पीयूष गोयल ने गिनाए निवेश के अवसर

नई दिल्ली में आयोजित स्वागत रात्रिभोज के दौरान पीयूष गोयल ने भारत और जापान के मजबूत आर्थिक संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का बेहतर बुनियादी ढांचा, कुशल कार्यबल और निवेश अनुकूल माहौल जापानी कंपनियों के लिए वैश्विक विस्तार के नए अवसर पैदा कर रहा है। सरकार का फोकस निवेश के साथ तकनीकी सहयोग और विनिर्माण क्षमता बढ़ाने पर भी है।

Yogi: सीएम योगी बोले- जापानी निवेशकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जापान के साथ दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, कुशल प्रतिभा और निवेश अनुकूल नीतियों को प्रदेश की प्रमुख ताकत बताया। सीएम ने कहा कि जापान की भागीदारी उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के विजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

स्वच्छ ऊर्जा से पर्यटन तक सहयोग की तैयारी

यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच आर्थिक एवं संस्थागत संबंध मजबूत करने की इच्छा जताई। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक, कौशल विकास और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया।

Yogi: लखनऊ में 21 अगस्त को होगा मुख्य निवेश सम्मेलन

इन्वेस्ट यूपी की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 18 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली, लखनऊ, आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में होगा। मुख्य यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 21 अगस्त को लखनऊ में आयोजित की जाएगी, जिसमें जी2बी और बी2बी सत्र होंगे। विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, कौशल विकास और पर्यटन को प्रमुख सहयोग क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया है। 200 से अधिक जापानी कारोबारी नेताओं की भागीदारी से इस पहल को प्रदेश में निवेश और रोजगार बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें…डेंगू में सिर्फ प्लेटलेट्स नहीं, पानी की कमी पर भी दें ध्यान, ये 5 संकेत खतरनाक