Delhi CNG Pump Blast: दिल्ली के टीकरी कलां इलाके में बुधवार को एक CNG पंप पर गैस रीफिलिंग के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में CNG पंप के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Delhi CNG Pump Blast: ट्रक में गैस भरने के दौरान हुआ धमाका-
पुलिस के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब एक ट्रक में CNG गैस भरी जा रही थी। रीफिलिंग के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में CNG भरने वाला 25 वर्षीय मनीष भी शामिल है, जो बाबा हरिदास कॉलोनी का रहने वाला था। अन्य दो मृतक भी पंप के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
Delhi CNG Pump Blast: दोपहर 3:46 बजे मिली ब्लास्ट की सूचना-
दिल्ली फायर ब्रिगेड को दोपहर 3 बजकर 46 मिनट पर CNG पंप पर ब्लास्ट की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। धमाके के बाद पंप परिसर में मौजूद कर्मचारी और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया-
हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। विस्फोट से आसपास के ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
जांच के लिए ट्रक जब्त, CNG पंप बंद-
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर CNG स्टेशन को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने जांच के लिए उस ट्रक को जब्त कर लिया है, जिसमें गैस भरी जा रही थी। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि रीफिलिंग के दौरान विस्फोट कैसे हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े- मध्य प्रदेश में बारिश का कहर: चित्रकूट में गुप्त-गोदावरी उफनी, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात








