Breaking News
Home » राष्ट्रीय » जोजिला-गुमरी मार्ग पर सुरक्षाकर्मियों से भिड़ी युवती का वीडियो वायरल, उमर अब्दुल्ला ने कसा तंज

जोजिला-गुमरी मार्ग पर सुरक्षाकर्मियों से भिड़ी युवती का वीडियो वायरल, उमर अब्दुल्ला ने कसा तंज

Kashmir News
Kashmir News

Kashmir News: कश्मीर-लद्दाख मार्ग पर सुरक्षाकर्मियों से बहस करती एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती जोजिला-गुमरी मार्ग पर लगाए गए सुरक्षा प्रतिबंधों को लेकर सेना और पुलिस के जवानों से बहस करती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे पोस्ट के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से मार्ग पर अस्थायी रूप से यातायात रोका गया था, जिसके चलते कई पर्यटक घंटों जाम में फंसे रहे। इसी दौरान युवती ने सुरक्षाकर्मियों से तीखी बहस की।

युवती ने कहा- हम Gen-Z हैं, बर्दाश्त नहीं करेंगे

वायरल वीडियो में युवती खुद को Gen-Z बताते हुए सुरक्षाकर्मियों से सवाल करती दिखाई दे रही है। वह कहती है कि ‘हम Gen-Z हैं, हम यह बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे।’ इसके अलावा वह कथित तौर पर कश्मीरियों के साथ होने वाले व्यवहार का जिक्र करते हुए कहती है कि अब पर्यटकों के साथ भी ऐसा किया जा रहा है। युवती ने टैक्स और सेना के जवानों की सैलरी को लेकर भी सवाल उठाए। वीडियो में वह मामले को संसद तक ले जाने की बात करती हुई नजर आती है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Kashmir News: उमर अब्दुल्ला ने कसा तंज

वीडियो सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर रिपोस्ट करते हुए तंज किया कि “We are Gen Z” अब “जानते नहीं मेरा बाप कौन है” का नया संस्करण बन गया है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सेना के जवानों से इस तरह उलझने के लिए पूरी Gen-Z पीढ़ी के नाम का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने चेताया कि किसी एक व्यक्ति के व्यवहार के कारण पूरी पीढ़ी की छवि प्रभावित हो सकती है।

सेना ने स्पष्ट किया- चेक पोस्ट पुलिस ने लगाई थी

विवाद के बीच भारतीय सेना की ओर से भी स्थिति स्पष्ट की गई है। सेना ने कहा कि जिस चेक पोस्ट को लेकर वीडियो में बहस दिखाई दे रही है, वह जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा स्थापित की गई थी। जोजिला-गुमरी मार्ग रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है और यहां सुरक्षा कारणों से समय-समय पर यातायात पर प्रतिबंध लगाए जाते हैं। ऐसे में वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटकों की परेशानी और सुरक्षाकर्मियों के साथ व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।

ये भी पढ़ें…मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, रेलवे से हाईवे तक प्रोजेक्ट्स को मंजूरी