Lucknow Bank Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शहर के पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले इस इलाके में ICICI बैंक के बाहर दिनदहाड़े एक महिला बैंक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खास बात यह है कि घटनास्थल गोमतीनगर थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है।मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है। वह ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम कर रही थीं। दिव्या उत्तर प्रदेश की जानी-मानी पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।
बैंक से बाहर बुलाकर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा गुरुवार सुबह रोज की तरह समय पर गोमतीनगर स्थित अपने बैंक पहुंची थीं। वह बैंक के अंदर अपने काम में व्यस्त थीं। बैंक पहुंचने के कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें बैंक से बाहर आने के लिए कहा।प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, दिव्या के पति मानस बैंक के बाहर अकेले खड़े थे। उनके दोनों हाथों में पिस्टल थी। जैसे ही दिव्या बैंक के गेट से बाहर आईं, मानस ने उनसे बात करने की कोशिश की।बताया जा रहा है कि दिव्या ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और वहां से आगे बढ़ने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने उन पर लगातार दो गोलियां चला दीं।
गोली लगते ही जमीन पर गिरीं दिव्या
फायरिंग में गंभीर रूप से घायल दिव्या खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गईं। दिन के समय बैंक के बाहर गोलियां चलने से वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वारदात के तुरंत बाद आरोपी पति मानस एक ऑटो में बैठकर मौके से फरार हो गया।गोली लगने के बाद दिव्या को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दिव्या के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी पति ने भी खुद को मारी गोली
दिव्या पर हमला करने के बाद फरार हुए उनके पति मानस ने भी बाद में खुद को गोली मार ली। इस तरह उसने भी अपनी जान दे दी।पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से गंभीर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला अदालत तक पहुंच चुका था। दोनों ने तलाक के लिए भी आवेदन किया था।पुलिस को आशंका है कि इसी पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के चलते मानस ने दिव्या की हत्या की।
थाने के पास हत्या से सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने लखनऊ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह महिला बैंक अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या की गई, वह गोमतीनगर पुलिस थाने के बिल्कुल पास है।पुलिस स्टेशन और हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले इलाके के नजदीक खुलेआम फायरिंग और हत्या की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।जांच के तहत बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स यानी CDR की भी जांच कर रही है। इन तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को समझने और पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़-मनाली हाईवे की हणोगी टनल में भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में 4 की मौत, 7 घायल








