Rajiv Gandhi’s Birth Anniversary: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान की सराहना की। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की विकास यात्रा में राजीव गांधी का भी अहम योगदान रहा है।
राजनाथ सिंह ने किया राजीव गांधी को याद
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत की विकास यात्रा में उनका भी अहम योगदान रहा है।” राजनाथ सिंह ने कहा कि राजीव गांधी की भूमिका भारत को आधुनिक, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण रही। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। राजीव गांधी की जयंती हर वर्ष ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाई जाती है।
Rajiv Gandhi’s Birth Anniversary: कांग्रेस नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी समाधि पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत के निर्माण और विकास के लिए आधुनिक तकनीक और नए विचारों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति के विस्तार को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया।
पवन खेड़ा ने बताया युवाओं का समर्थक
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने राजीव गांधी को युवाओं का बड़ा समर्थक बताते हुए कहा कि उनका विजन आधुनिक, तकनीकी रूप से उन्नत और आर्थिक रूप से मजबूत भारत बनाने का था। उन्होंने राजीव गांधी को उनकी 82वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Rajiv Gandhi’s Birth Anniversary: उमंग सिंघार ने गिनाए योगदान
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत के निर्माण का अग्रदूत बताया। उन्होंने सूचना एवं संचार क्रांति, पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और युवाओं को नई दिशा देने में राजीव गांधी के योगदान को याद किया। राजनाथ सिंह के इस बयान के बाद राजीव गांधी की विरासत और उनके योगदान को लेकर सियासी बहस तेज होने के आसार हैं।
ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर घमासान! SIT जांच के बीच चंपत राय का नृपेंद्र मिश्रा को लेकर किए चौंकाने वाले दावे…








