Breaking News
Home » मनोरंजन » यश की ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में बड़ा हादसा, साउंड सिस्टम गिरने से दो लोग घायल

यश की ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में बड़ा हादसा, साउंड सिस्टम गिरने से दो लोग घायल

'टॉक्सिक' इवेंट में मची अफरा-तफरी

Toxic Movie Event: साउथ सुपरस्टार यश की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट का आयोजन हैदराबाद में किया गया। मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में हुए इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच साउंड सेट-अप का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए।

मंच के पास पहुंच रहे थे लोग

कार्यक्रम के दौरान भीड़ काफी ज्यादा बढ़ गई थी। पुलिस लगातार लोगों से पीछे हटने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रही थी। इसके बावजूद कई लोग मंच के बेहद करीब पहुंच गए।घटना से जुड़े सामने आए एक वीडियो में कुछ युवाओं को कार्यक्रम स्थल के आसपास मौजूद संरचनाओं पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। इनमें कुछ लोग साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल पर भी चढ़े हुए नजर आए। इसी दौरान साउंड सिस्टम अचानक नीचे गिर गया।

साउंड सिस्टम गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में दो लोग घायल हुए। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।

यश ने बीच में रोकी अपनी स्पीच

हादसे के समय अभिनेता यश मंच पर मौजूद थे और कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। साउंड सिस्टम गिरने के कारण साउंड और लाइट का एक हिस्सा भी खराब हो गया।जैसे ही यश को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत अपना भाषण रोक दिया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए कहा, “अरे, संभलकर। क्या वहां सब ठीक है? क्या सब लोग सुरक्षित हैं?”इसके कुछ ही समय बाद यश ने अधिकारियों से घायलों की जांच कराने और उन्हें जरूरी मदद देने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस मामले को तुरंत देखा जाए।

घायलों का अस्पताल में इलाज

हादसे के बाद दोनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आयोजकों की ओर से स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी मिलने के बाद यश ने दोबारा अपनी स्पीच शुरू कर दी।यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में नयनतारा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।