Home » नई दिल्ली » दिल्ली के जसोला में 15 साल का बेटा नाले में लापता, सुराग नहीं मिला तो खुद तलाश में उतरा पिता

दिल्ली के जसोला में 15 साल का बेटा नाले में लापता, सुराग नहीं मिला तो खुद तलाश में उतरा पिता

जसोला नाले में लापता बच्चे की तलाश जारी

Jasola Missing Boy: दिल्ली के जसोला से सामने आई एक तस्वीर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यह तस्वीर दिखाती है कि जब हालात और सिस्टम के सामने एक पिता बेबस हो जाता है, तो अपने बच्चे को बचाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाता है। गंदगी और कचरे से भरे नाले के काले पानी में अपने बेटे की तलाश करता पिता दर्द, बेबसी और उम्मीद की ऐसी तस्वीर बन गया, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।एक पिता के लिए शायद इससे ज्यादा दर्दनाक मंजर कोई और नहीं हो सकता कि वह अपने जिगर के टुकड़े को खोजने के लिए गंदे और बदबूदार नाले में खुद उतरने को मजबूर हो जाए।

पतंग के पीछे भागते हुए नाले में गिरा बच्चा

दरअसल, दक्षिण दिल्ली के जसोला इलाके में 15 साल का एक बच्चा खुले नाले में गिरने के बाद लापता हो गया। खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।लापता बच्चे की पहचान मिथुन के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था। जानकारी के मुताबिक, मिथुन पतंग के पीछे भागते हुए नाले के पास पहुंच गया था। इसी दौरान वह अचानक खुले नाले में गिर गया।हादसे के वक्त मिथुन स्कूल की यूनिफॉर्म में था और स्कूल जाने वाला था। लेकिन नाले में गिरने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई और अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।

बेटे को खोजने खुद नाले में उतरे पिता

जब मिथुन के पिता अवधेश कुमार अपने चेहरे पर मायूसी और चिंता लिए उस काले पानी वाले नाले में उतरे, तो वहां का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। बेटे को खोजने की उम्मीद में पिता खुद गंदे पानी में उतर गया।एक तरफ रेस्क्यू टीमें और अधिकारी अपने स्तर पर तलाश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बेटे की चिंता में डूबा पिता खुद नाले के अंदर जाकर उसे खोजने की कोशिश कर रहा है।

NDRF और गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बोट क्लब की टीम के साथ एनडीआरएफ की टीमें भी वहां पहुंचीं और बच्चे की तलाश शुरू की गई।हालांकि, परिजनों का आरोप है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान एनडीआरएफ के कर्मचारी नाले के अंदर नहीं उतरे। परिवार के मुताबिक, टीम बाहर से ही बांस की मदद से बच्चे का पता लगाने की कोशिश कर रही थी।

परिवार को हर पल बेटे के मिलने का इंतजार

मिथुन के परिवार के लिए हर गुजरता घंटा बेचैनी और चिंता बढ़ा रहा है। पिता अवधेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा शनिवार सुबह करीब 11 बजे नाले में गिरा था। इसके बाद से लगातार उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में अवधेश कुमार ने बताया कि उन्हें यह भी पता नहीं चल पाया कि उनका बेटा नाले में किस तरह गिरा। उन्होंने कहा कि नाला पूरी तरह खुला हुआ है और घटना के बाद एनडीआरएफ की टीम और गोताखोर भी मौके पर पहुंचे थे।

रविवार को फिर शुरू हुआ तलाशी अभियान

मिथुन की तलाश के लिए एनडीआरएफ ने रविवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने नाले के साथ-साथ उसके आसपास के इलाकों में भी बच्चे की तलाश की।हालांकि, अब तक की कोशिशों के बावजूद मिथुन का कोई सुराग नहीं मिला है। उसका शव भी बरामद नहीं किया जा सका है। परिवार अभी भी इस उम्मीद में है कि उनका बेटा जल्द मिल जाएगा।

यह भी पढ़े-वेंटिलेटर में विस्फोट से धधका अमरावती का NICU, 3 नवजातों की मौत; 6 अस्पताल में भर्ती