Nagpur Gas Leak: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार आधी रात एक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गैस के संपर्क में आने के बाद कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद प्रभावित लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना गोधनी नगर पंचायत क्षेत्र की बताई जा रही है।
900 किलो के सिलेंडर से हुआ रिसाव
नागपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अनुसार, गोधनी गांव स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में रात करीब 1 बजे क्लोरीन गैस का रिसाव शुरू हुआ। प्लांट में 900 किलोग्राम क्षमता वाला क्लोरीन गैस सिलेंडर था, जिसमें लीकेज होने के बाद आसपास के इलाके में गैस फैल गई।घटना के बाद आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों को सांस लेने में परेशानी और सांस फूलने जैसी शिकायतें होने लगीं।
30 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
गैस के संपर्क में आने से वॉटर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट में काम करने वाले करीब 8 से 10 कर्मचारियों और इलाके के 20 से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में भर्ती मरीजों में से 4 से 5 लोगों को इंटेंसिव केयर यूनिट यानी आईसीयू में रखा गया है। वहीं, बाकी मरीजों का सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा है। कुछ मरीजों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ अन्य को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया।
12 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी
जानकारी के मुताबिक, करीब 35 से 40 लोग अलग-अलग अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। इनमें से 12 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।इलाज करा रहे लोगों ने बताया कि गैस के कारण उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, कुछ मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
150 परिवारों को सुरक्षित जगह पहुंचाया
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू किया। करीब 125 से 150 परिवारों को उनके घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है।फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा एनडीआरएफ, नागपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन यानी एनएमसी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
मानकापुर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर हरेश कलशेकर ने बताया कि गोधनी नगर क्षेत्र के जलशुद्धिकरण केंद्र में रात करीब 1 बजे क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को अस्पताल भेजने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।उन्होंने बताया कि करीब 40 लोगों का इलाज चल रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।अधिकारियों के मुताबिक, एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लोरीन गैस के रिसाव को बंद कर दिया है। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने का आदेश
घटना की जांच के लिए नागपुर के जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने एक कमेटी गठित की है। कमेटी को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।इसके साथ ही जिले में मौजूद सभी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का ऑडिट कराने का भी आदेश दिया गया है। अधिकारियों को एक दिन के भीतर इन प्लांट की ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है।जिलाधिकारी ने बताया कि अलग-अलग अस्पतालों में प्रभावित लोगों का इलाज जारी है। कुछ मरीज आईसीयू में हैं, जबकि कुछ सामान्य वार्ड में भर्ती हैं। कई लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दी जा चुकी है।
यह भी पढ़े-वेंटिलेटर में विस्फोट से धधका अमरावती का NICU, 3 नवजातों की मौत; 6 अस्पताल में भर्ती








