CJP March: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 5 सितंबर को दिल्ली में युवा मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।
CJP March: इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक होगा मार्च-
सीजेपी की नेशनल वर्किंग कमेटी ने एक्स पर जारी बयान में बताया कि मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर तक जाएगा। पार्टी के मुताबिक, प्रदर्शन में छात्रों और युवा संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है। CJP ने कहा कि मार्च की अगुवाई NEET से जुड़े मामलों में मारे गए पीड़ितों और कथित पुलिस बर्बरता के शिकार लोगों के परिवार करेंगे।
CJP March: सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप-
CJP ने केंद्र सरकार पर युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने में देरी करने का आरोप लगाया। पार्टी ने खास तौर पर छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने से जुड़े आश्वासनों का जिक्र किया। पार्टी का कहना है कि सरकार की ओर से लगातार देरी और टालमटोल के कारण नेशनल वर्किंग कमेटी ने दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से लामबंद होने का फैसला किया है।
सरकार की मंशा पर उठाए सवाल-
CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी ने सरकार के आश्वासनों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार कार्रवाई में देरी कर रही है और स्पष्ट वादे करने से बच रही है।
सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही का भी जिक्र-
CJP ने अपने बयान में सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही का भी उल्लेख किया। पार्टी के मुताबिक, 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में दर्ज FIR की सूची मांगी थी, ताकि मामलों पर एक साथ विचार किया जा सके। CJP का आरोप है कि इस मुद्दे पर सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है। पार्टी ने इन्हीं मुद्दों को लेकर 5 सितंबर के युवा मार्च का ऐलान किया है।
यह भी पढ़े- भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए ACB ने किया अफगानिस्तान स्क्वाड का ऐलान








