Akhilesh Yadav Promises: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और छात्राओं को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादों का ऐलान किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं के लिए स्त्री सम्मान समृद्धि योजना समेत कई घोषणाएं की हैं।
Akhilesh Yadav Promises: महिलाओं को हर साल ₹40 हजार की मदद-
डिंपल यादव ने स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का ऐलान करते हुए कहा कि महिलाओं को शुरुआत में हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समय के साथ इस राशि को बढ़ाया जाएगा। योजना के तहत महिलाओं को मोबाइल, लैपटॉप, आर्थिक सहायता, शिक्षा और ट्रेनिंग जैसी सुविधाएं देने का भी वादा किया गया है।
Akhilesh Yadav Promises: सरकारी नौकरी में 33% आरक्षण-
समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि इससे महिलाओं की रोजगार में भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
अखिलेश यादव ट्विटर पोस्ट-
‘विश्व महिला समानता दिवस’ पर हम PDA में ‘A’ के रूप शामिल ‘आधी आबादी’ अर्थात स्त्रियों के लिए अपने ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ के संकल्प को दोहराते है, जो स्त्रियों को सामाजिक रूप से सशक्त व आर्थिक रूप से सबल बनाने की योजना है। जिसमें हर ग़रीब, शोषित, वंचित स्त्री को सीधे अपने… pic.twitter.com/GXugZkvQD1
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 26, 2026
12वीं पास छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप-
छात्राओं के लिए भी सपा ने बड़ा वादा किया है। डिंपल यादव ने कहा कि 12वीं पास करने वाली हर छात्रा को मुफ्त लैपटॉप दिया जाएगा। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं से फीस नहीं लेने और निजी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं की फीस आधी करने का भी ऐलान किया गया है।
हर महीने दो कैजुअल लीव का वादा-
महिलाओं के लिए हर महीने कम से कम दो कैजुअल लीव देने की घोषणा भी की गई है। पार्टी ने इसे कामकाजी महिलाओं को राहत देने और उनके लिए बेहतर कार्य परिस्थितियां तैयार करने से जोड़कर पेश किया है।
हर तहसील में PG कॉलेज और हर जिले में यूनिवर्सिटी-
समाजवादी पार्टी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े वादे किए हैं। डिंपल यादव के मुताबिक, हर तहसील में एक पीजी कॉलेज और हर जिले में एक यूनिवर्सिटी बनाने का प्रस्ताव है।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा-
सपा ने पूरे उत्तर प्रदेश में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का भी वादा किया है। पार्टी का कहना है कि इससे महिलाओं की आवाजाही आसान होगी और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।
विधवा और बेसहारा महिलाओं को पक्का घर-
हर विधवा और बेसहारा महिला को पक्का सरकारी घर देने का भी ऐलान किया गया है। इसके अलावा जिन महिलाओं का दुनिया में कोई अपना नहीं है, उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने की बात कही गई है।
महिलाओं से जुड़े मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट-
महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मुकदमों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा भी किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं करेगी।
घोषणा पत्र में शामिल होगी योजना-
अखिलेश यादव ने कहा कि स्त्री सम्मान समृद्धि योजना को समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। पार्टी इन घोषणाओं के जरिए महिला मतदाताओं और छात्राओं को साधने की कोशिश करती नजर आ रही है।
योगी सरकार ने भी किया ऐलान-
इससे पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए अहिल्याबाई योजना की घोषणा की थी। इसके तहत पात्र महिलाएं आजीवन बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। सरकार की ओर से छात्रों के लिए 25 लाख मुफ्त लैपटॉप देने की घोषणा भी की गई है।
यह भी पढ़े- प्याज 60 रुपये किलो पहुंचा, जानिए भारत का उत्पादन दुनिया में कितने नंबर पर








