Home » गुजरात » वडोदरा से PM मोदी का Gen-Z को बड़ा मैसेज, बोले- ‘नौजवान सुन लीजिए…’; विपक्ष पर ‘फूफा’ वाला तंज

वडोदरा से PM मोदी का Gen-Z को बड़ा मैसेज, बोले- ‘नौजवान सुन लीजिए…’; विपक्ष पर ‘फूफा’ वाला तंज

PM Modi Interacted Genz: क्या भारत की विकास यात्रा की असली ताकत देश का युवा बन सकता है? गुजरात के वडोदरा में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Gen-Z से संवाद करते हुए इसी युवा शक्ति को केंद्र में रखा। करीब 6 हजार युवाओं की मौजूदगी में पीएम मोदी ने देश के विकास मॉडल, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार से जुड़े क्षेत्रों का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा और ‘फूफा जी’ वाले अंदाज में तंज कसा।

‘नौजवान सुन लीजिए…’ पीएम मोदी ने क्यों कहा?

युवाओं से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को गति देने के लिए वडोदरा आए हैं। उन्होंने स्वच्छता अभियान में युवाओं की भागीदारी की भी तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि लाल किले से उन्होंने विकसित भारत के लिए ‘संकल्प की सप्तधारा’ का आह्वान किया है, जिसमें गति शक्ति भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए देश में पिछले वर्षों में काम करने के तरीके में आए बदलाव को समझने की बात कही।

PM Modi Interacted Genz: डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर विपक्ष को घेरा

पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए पिछली सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में काम के लिए विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक फाइलें ही इधर से उधर होती रहीं।

पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि 2014 से पहले 7-8 साल में एक किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर पर भी काम नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि अगर इसी गति से देश चलता रहता तो कई पीढ़ियां बीत जातीं, लेकिन परियोजना पूरी नहीं होती। इसके बाद उन्होंने कहा कि 2014 में गुजरात से जो सीख लेकर वह दिल्ली पहुंचे, उसके बाद इस परियोजना को गति देने का काम शुरू किया गया।

‘नाराज फूफा जी चिल्लाएंगे…’, पीएम मोदी का तंज

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि “नाराज फूफा जी” अब सवाल उठाएंगे कि फ्रेट कॉरिडोर बनने से ट्रक वालों का क्या होगा। पीएम मोदी ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर से देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक बड़ी मात्रा में सामान तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने रेल कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आदिवासी क्षेत्रों को भी रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। यानी पीएम मोदी ने फ्रेट कॉरिडोर को सिर्फ रेलवे परियोजना नहीं, बल्कि देश की लॉजिस्टिक व्यवस्था में बदलाव से जोड़कर पेश किया।

PM Modi Interacted Genz
  PM Modi Interacted Genz
PM Modi Interacted Genz: ‘2800 किलोमीटर से ज्यादा फ्रेट कॉरिडोर पूरा’

पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं और 2800 किलोमीटर से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। उन्होंने इसे 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना पिछले 12 वर्षों में देश की ‘काम करने की संस्कृति’ में आए बदलाव की गवाह है।

50 हजार आधुनिक रेल कोच का भी जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद भारत ने अब तक 50 हजार आधुनिक रेल कोच बनाए हैं। उन्होंने रेलवे के आधुनिकीकरण को केंद्र सरकार के मैन्युफैक्चरिंग विजन से जोड़ते हुए कहा कि वडोदरा शिक्षा, कौशल और उद्योग के सहयोग का उदाहरण रहा है। पीएम ने वडोदरा में बन रहे C-295 सैन्य परिवहन विमान का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी पहली उड़ान इस शहर के लिए गौरव की बात है।

PM Modi Interacted Genz: राहुल गांधी पर बिना नाम लिए निशाना

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिना राहुल गांधी का नाम लिए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “झूठ की गूंज से भरमाने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे”, लेकिन देश का युवा सच की आवाज के साथ आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे देख रहे हैं कि सरकार अलग-अलग सेक्टर पर कितना फोकस कर काम कर रही है।

इलेक्ट्रिक इकोसिस्टम पर भी PM मोदी का फोकस

पीएम मोदी ने आने वाले समय में इलेक्ट्रिक इकोसिस्टम की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भविष्य में आधुनिक सेक्टरों की बड़ी जरूरत बिजली और इलेक्ट्रिक सिस्टम पर निर्भर होगी। इससे साफ है कि सरकार की मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसी प्राथमिकताओं को भी युवाओं के सामने विकास के बड़े अवसर के तौर पर रखा गया।

PM Modi Interacted Genz: वडोदरा से Gen-Z को PM मोदी का बड़ा संदेश क्या?

पीएम मोदी के संबोधन में तीन बातें सबसे ज्यादा उभरकर सामने आईं – युवा शक्ति, तेज विकास और बदलती कार्यसंस्कृति। एक तरफ उन्होंने युवाओं को देश की विकास यात्रा से जोड़ने की कोशिश की, तो दूसरी तरफ डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और रेलवे जैसी परियोजनाओं के जरिए पिछली सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाए। वडोदरा के मंच से उनका संदेश यही रहा कि विकसित भारत की अगली कहानी सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी मिलकर लिखेगी।

ये भी पढे़.. सत्य निकेतन हादसा: HC ने तुरंत सुनवाई से क्यों किया इनकार? ‘कल ही तो आदेश दिया था…’ के पीछे क्या है पूरा मामला