Home » राष्ट्रीय » सत्य निकेतन हादसा: PG के पास वाली खतरनाक इमारत होगी ध्वस्त, CM रेखा गुप्ता बोलीं- पीड़ितों का इलाज मुफ्त

सत्य निकेतन हादसा: PG के पास वाली खतरनाक इमारत होगी ध्वस्त, CM रेखा गुप्ता बोलीं- पीड़ितों का इलाज मुफ्त

Satya Niketan Incident:

Satya Niketan Incident: दिल्ली के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में PG की इमारत गिरने के हादसे ने राजधानी को दहला दिया है। 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत के ढहने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 5 छात्र और 2 मजदूर शामिल हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास की जर्जर इमारतों को लेकर भी सख्ती शुरू कर दी है।

Satya Niketan Incident: PG के पास की खतरनाक इमारत बुधवार को होगी ध्वस्त-

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि हादसे में ढहे PG के ठीक बगल में मौजूद एक इमारत बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में है। इसे ‘अनसेफ’ घोषित कर दिया गया है और बुधवार को इसे पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाकर 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिया गया है।

Satya Niketan Incident: घायलों से मिलीं CM रेखा गुप्ता-

मुख्यमंत्री ने एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी बातचीत कर उन्हें हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, हादसे में घायल एक मजदूर की हालत अब स्थिर है, हालांकि उसके पैर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज जारी है। प्रभावितों में पांच छात्र भी शामिल हैं। इनमें से दो छात्र पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।

पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद का भरोसा-

रेखा गुप्ता ने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनमें से कई शवों को लेकर दिल्ली से रवाना हो चुके हैं। प्रशासन ने उनके लिए जरूरी इंतजाम किए हैं। दिल्ली सरकार लगातार सभी प्रभावित परिवारों के संपर्क में है।

PG मालिक समेत तीन गिरफ्तार, पांच अधिकारी सस्पेंड-

हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 81 वर्षीय PG मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया। उसकी पत्नी उर्मिला गुप्ता और बेटे महेश गुप्ता को भी हिरासत में लिया गया है। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, लापरवाही के आरोपों को लेकर नगर निगम (MCD) ने साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश गुप्ता समेत पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

10 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई-

मामले को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने जनहित याचिका पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही है। अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है, जहां 10 सितंबर को सुनवाई हो सकती है। इस बीच पुलिस ने घटनास्थल पर नेटवर्क जैमर लगाए जाने की अफवाहों का भी खंडन किया है

यह भी पढ़े- DM मेधा रूपम और पुलिस अधिकारियों की सैलरी से कैसे वसूला जाएगा 5 लाख का मुआवजा? समझे नियम