Breaking News
Home » राष्ट्रीय » मोदी के जन्मदिन पर BJP का शक्ति प्रदर्शन या जनसंपर्क अभियान? 20 यात्राओं से 25 लाख कहानियों तक पूरा प्लान

मोदी के जन्मदिन पर BJP का शक्ति प्रदर्शन या जनसंपर्क अभियान? 20 यात्राओं से 25 लाख कहानियों तक पूरा प्लान

Narendra Modi’s Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा एक बड़े जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रही है। मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के कार्यकल के तौर पर सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर पार्टी ने उत्तर भारत में 20 यात्राओं से लेकर डिजिटल कैंपेन तक की विस्तृत कार्ययोजना की तैयारी है।

लेकिन सवाल है- क्या यह सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन का कार्यक्रम है या BJP इसे बड़े जनसंपर्क और राजनीतिक विस्तार के अभियान के तौर पर देख रही है? योजना को देखें तो जवाब कई स्तरों पर मिलता है। सड़क पर यात्राएं होंगी, गांवों में सेवा गतिविधियां होंगी और मोबाइल स्क्रीन पर लाभार्थियों की कहानियां दिखाई जाएंगी।

20 यात्राएं, 7 राज्यों तक पहुंचेगा अभियान

17 सितंबर से वड़नगर से वाराणसी और वाराणसी से वड़नगर के बीच 10-10 यात्राएं प्रस्तावित हैं। इनके रूट इस तरह तैयार किए जा रहे हैं कि एक यात्रा का रास्ता दूसरी यात्रा से न टकराए। गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली से होकर गुजरने वाली इन यात्राओं को उत्तर भारत के बड़े जनसंपर्क अभियानों में शामिल करने की तैयारी है।

Narendra Modi’s Birthday: MP के 55 जिलों पर खास फोकस

मध्यप्रदेश में अलग-अलग रूट के जरिए सभी 55 जिलों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 13 रूट फाइनल किए जा चुके हैं, जबकि बाकी रूट पर मंथन जारी है। यात्राओं के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए पार्टी ने अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारियां भी दी हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है.

यात्रा में सिर्फ भाषण नहीं, जनता की भागीदारी भी

भाजपा की योजना में यात्रा के प्रमुख पड़ावों पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, किसानों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ने का प्रस्ताव है। लोगों से विकास और 2047 को लेकर सुझाव लिए जाएंगे। ‘मेरे लिए भारत की प्रगति…’ जनवाणी के जरिए नागरिकों की बात रिकॉर्ड करने और बाद में इन आवाजों को जोड़कर वाराणसी में 90 सेकंड की फिल्म बनाने का प्रस्ताव है।

Narendra Modi’s Birthday: ‘25 आइकॉन’ में चुने जाएंगे स्थानीय चेहरे

यात्रा के हर पड़ाव से किसान, शिक्षक, महिला उद्यमी, युवा या खिलाड़ी जैसे प्रेरक स्थानीय व्यक्ति को ‘25 आइकॉन’ अभियान के लिए चुना जाएगा। इनमें से 25 श्रेष्ठ लोगों की छोटी वीडियो कहानियां तैयार कर नमो ऐप पर दिखाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ‘चिट्ठी 2047 के नाम’ अभियान के जरिए लोगों से पूछा जाएगा कि वे 2047 तक अपने क्षेत्र को किस रूप में देखना चाहते हैं। जिन क्षेत्रों का संबंध स्वतंत्रता सेनानियों या स्थानीय वीरों से रहा है, वहां उनके गांव, स्मारक या समाधि स्थल की मिट्टी कलश में एकत्र करने की योजना है। इस मिट्टी को वाराणसी के मुख्य कार्यक्रम में अर्पित किया जाएगा। चुनिंदा पड़ावों पर स्वास्थ्य जांच, BP-शुगर टेस्ट, चिकित्सा परामर्श और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए सहायता डेस्क भी लगाए जाने का प्रस्ताव है।

2001 से 2026 तक दिखेगा ‘पहले और अब’

यात्रा के दौरान बुजुर्गों के अनुभव रिकॉर्ड किए जाएंगे। ‘पहले और अब’ प्रदर्शनी में सड़क, स्कूल, बिजली और आवास जैसी सुविधाओं की पुरानी और मौजूदा तस्वीरें दिखाने की योजना है। वहीं ‘विकास की यात्रा’ नाम के नुक्कड़ नाटक में एक परिवार की कहानी के जरिए 2001 से 2026 तक हुए बदलावों को स्थानीय भाषा में दिखाया जाएगा।

Narendra Modi’s Birthday: अब BJP की नजर Gen-Z की मोबाइल स्क्रीन पर

इस अभियान का एक अहम हिस्सा डिजिटल रणनीति है। BJP ने युवाओं और खासकर Gen-Z तक Instagram, YouTube और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पहुंचने की तैयारी की है। हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का लक्ष्य दिए जाने का प्रस्ताव है। रील्स में सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले वास्तविक लोगों की कहानियां दिखाई जाएंगी। यानी पार्टी का फॉर्मूला कुछ ऐसा होगा- ‘ग्राउंड पर बदलाव और मोबाइल पर उसकी कहानी।’

25 लाख लोगों की कहानियां, 250 वीडियो होंगे खास

‘कहानी बदलाव की’ डिजिटल सीरीज में सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले करीब 25 लाख नागरिकों की कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से करीब 25 हजार कहानियां शॉर्टलिस्ट की जाएंगी और लगभग 250 प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार करने की योजना है।

Narendra Modi’s Birthday: 17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

PM मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों से घरों में दीप जलाने का आह्वान किया जाएगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान में लाभार्थियों के घर जाकर दीप जलाने और उसकी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की योजना है। इसके लिए #आशीर्वाद का दीया का इस्तेमाल किया जाएगा। रात्रि पड़ावों पर ‘25 साल, 25 दीप’ कार्यक्रम होगा। इसमें 25 लाभार्थी 25 दीप जलाकर दिन का समापन करेंगे।

Narendra Modi's Birthday
Narendra Modi’s Birthday
‘सेवा मेरा योगदान’ में 25 मिनट सेवा

अभियान के तहत हर नागरिक से कम से कम 25 मिनट समाज सेवा करने की अपील की जाएगी। सेवा घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल या सार्वजनिक स्थान पर की जा सकेगी। पहले और बाद की फोटो-वीडियो बनाकर My Bharat Portal पर रील अपलोड करने और डिजिटल प्रमाणपत्र हासिल करने का भी प्रस्ताव है। मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर 25 से 30 मिनट के नुक्कड़ नाटक गांव-गांव कराने की योजना है। स्कूल, कॉलेज, पंचायत और सामुदायिक केंद्रों पर इनका मंचन होगा। प्रत्येक जिले में 18-20 नाट्य टोलियां लगाने का प्रस्ताव है।

Narendra Modi’s Birthday: आंगनवाड़ी से महिलाओं तक भी पहुंचेगा अभियान

25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित करने की योजना है। इसमें माताओं के अनुभव, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा बच्चों के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। वहीं नारी शक्ति सम्मेलन, पोस्टर प्रतियोगिता और लाभार्थियों के सम्मान जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

‘सेवा सेतु’ कैंप में एक जगह मिलेंगी योजनाएं

प्रत्येक विधानसभा के ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत कैंप लगाने का प्रस्ताव है। यहां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी, आवेदन और पात्र लोगों को योजना से जोड़ने की सुविधा एक ही जगह देने की योजना है। ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ में गुजरात की अलग-अलग नदियों से जल एकत्र कर 250 बाइक पर 500 यात्रियों को वड़नगर लाने का प्रस्ताव है। वहां हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के बाद 10 टोलियां अलग-अलग मार्गों से काशी जाएंगी। काशी में भगवान विश्वनाथ का जलाभिषेक और फिर गंगाजल लेकर वड़नगर लौटने की योजना है

Narendra Modi’s Birthday: 17 अक्टूबर को 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों का महाकुंभ

अभियान में चुनिंदा शहरों में 108 मीटर व्यास की ‘भारत मंडला’ बनाने का प्रस्ताव है। इसमें फूल, मिट्टी, रेत, चावल, बीज, पत्ते और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया जाएगा। युवाओं के लिए ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ भी प्रस्तावित है। इसमें विद्यार्थी, स्टार्टअप, प्रोफेशनल और इनोवेटर्स शामिल होंगे। पूरे अभियान का बड़ा समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट’ के रूप में प्रस्तावित है। दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद, सूरजकुंड और वाराणसी में करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के जुटने का अनुमान है। यहां 25 साल की सेवा पर वीडियो, जनप्रतिनिधियों के अनुभव, विकसित भारत पर प्रस्ताव और प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प प्रस्तावित है।

सबसे बड़ा सवाल शक्ति प्रदर्शन या जनसंपर्क?

भाजपा की प्रस्तावित योजना को देखें तो 20 यात्राएं इसका ग्राउंड फेस हैं, जबकि 25 लाख कहानियां इसका डिजिटल फेस। 55 जिलों की यात्रा, लाभार्थियों से संपर्क, सेवा गतिविधियां, महिला और युवा कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया कैंपेन पार्टी ने अभियान को कई स्तरों पर फैलाने की तैयारी की है। इस लिहाज से 17 सितंबर से शुरू होने वाला अभियान सिर्फ मोदी के जन्मदिन का सेलिब्रेशन नहीं दिखता। BJP इसे मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, सरकारी योजनाओं और विकसित भारत 2047 के संदेश को घर-घर और मोबाइल स्क्रीन तक पहुंचाने के बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में पेश करने की तैयारी में है।

ये भी पढ़े… PG बनाने के क्या हैं नियम? सत्य निकेतन हादसे के बाद जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फायर सेफ्टी तक पूरा सिस्टम