Home » राष्ट्रीय » पाकिस्तान सेना पर BLA का बड़ा वार, 52 जवानों के मारे जाने का दावा

पाकिस्तान सेना पर BLA का बड़ा वार, 52 जवानों के मारे जाने का दावा

BLA

BLA: बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। BLA ने दावा किया है कि उसने 1 से 7 सितंबर के बीच बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों के खिलाफ 28 अभियान चलाए। संगठन के प्रवक्ता जियांद बलूच के मुताबिक, इन कार्रवाइयों में 52 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए। BLA ने यह भी दावा किया कि इन झड़पों में उसके 12 लड़ाके मारे गए हैं।

28 अभियानों में 52 सैनिकों के मारे जाने का दावा

BLA के अनुसार, उसके अभियान पासनी, खारान, कलात, तुरबत, मस्तुंग, सुराब, टुम्प, पिशिन, झाल मगसी, नोश्की, चगाई और क्वेटा समेत कई इलाकों में किए गए। संगठन का दावा है कि इन अभियानों में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पाकिस्तानी सेना की ओर से इन सभी घटनाओं पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

BLA: कई सुरक्षा चौकियों पर हमले का दावा

BLA ने अपने बयान में कहा कि 1 सितंबर को ग्वादर के पासनी इलाके के जीरो पॉइंट से अभियान की शुरुआत हुई। संगठन के मुताबिक, यहां पुलिस और सेना की संयुक्त चौकी तथा कस्टम्स और कोस्टल पुलिस की चेकपोस्ट को निशाना बनाया गया। BLA ने दावा किया कि उसने कुछ चौकियों पर कब्जा कर हथियार और सैन्य उपकरण जब्त किए और बाद में कई चौकियों में आग लगा दी।

सैन्य वाहनों को भी बनाया निशाना

संगठन ने यह भी दावा किया कि अलग-अलग हमलों के दौरान पाकिस्तानी सेना के कई वाहनों को निशाना बना क्षतिग्रस्त किया गया। BLA के अनुसार, सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में उसके 12 लड़ाके भी मारे गए। इन घटनाओं की स्वतंत्र जानकारी और हताहतों की संख्या की पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

BLA: आर्थिक नाकेबंदी जारी रखने की घोषणा

BLA ने कहा है कि वह पाकिस्तानी सेना के साथ-साथ उन परियोजनाओं के खिलाफ भी अपनी कथित आर्थिक नाकेबंदी जारी रखेगा, जिन्हें वह बलूचिस्तान की जनता के लिए शोषणकारी मानता है। संगठन ने मुख्य राजमार्गों पर इस अभियान को जारी रखने की बात ही है। BLA का कहना है कि उसकी सैन्य और आर्थिक कार्रवाई एक स्वतंत्र एवं संप्रभु बलूचिस्तान की स्थापना तक जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें…कौन हैं विक्रम बत्रा? उनकी जयंती पर समझिए कि उन्हें कारगिल का हीरो क्यों कहा जाता है