Mohammed Shami: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ जोन को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। शमी ने पहली पारी में 2 अहम विकेट हासिल किए। फाइनल मुकाबला उनके लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह अपना 100वां फर्स्ट क्लास मैच खेल रहे थे। मैच के बाद शमी ने टीम इंडिया में अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया।
Mohammed Shami: टीम इंडिया में वापसी पर क्या बोले शमी-
मोहम्मद शमी ने दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद भारतीय टीम में अपनी अनुपस्थिति को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को हर स्तर पर खुद को प्रेरित रखना चाहिए और हमेशा अगले स्तर पर पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए। शमी ने कहा, “अगर आप कोशिश करें तो प्रेरित रहने के कई कारण हैं। इस स्तर पर, अगर आप खुद प्रेरित नहीं हैं, तो आपका नजरिया गलत है। आप चाहे जिस भी स्तर पर खेल रहे हों, आपकी नजर हमेशा अगले स्तर पर होनी चाहिए।”
Mohammed Shami: 100वें फर्स्ट क्लास मैच को बनाया यादगार-
दलीप ट्रॉफी फाइनल मोहम्मद शमी के करियर का 100वां फर्स्ट क्लास मुकाबला था। उन्होंने इस खास मैच में शानदार प्रदर्शन करने के साथ ईस्ट जोन को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शमी ने कहा, “हमें यहां तक पहुंचाने के लिए हर लड़के ने अपना दिलो-जान लगा दिया। इन परिस्थितियों में, इस भीषण गर्मी में यह उपलब्धि हासिल करना असाधारण है। जहां तक मेरी बात है, चाहे यह आपका पहला मैच हो या 100वां, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता- प्रयास और दृष्टिकोण बिल्कुल एक जैसे रहते हैं।”
शमी ने मेहनत को बताया अपना काम-
शमी ने अपने सफर में मिले प्यार और समर्थन के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका काम लगातार मेहनत करना है और बाकी सब कुछ सर्वशक्तिमान के हाथ में है। उन्होंने कहा, “इतना प्यार और समर्थन पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। इस पूरे सफर में मेरा साथ देने वाले हर व्यक्ति के प्रति मैं तहे दिल से आभारी हूं। मेरा काम बस कड़ी मेहनत करना है- बाकी सब सर्वशक्तिमान के हाथ में है।” शमी के इस बयान से साफ है कि वह भारतीय टीम में वापसी के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और उन्हें अपने प्रदर्शन के साथ-साथ भगवान पर भी पूरा भरोसा है।
दलीप ट्रॉफी में कैसा रहा शमी का प्रदर्शन-
मोहम्मद शमी ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 3 विकेट हासिल किए। इसके बाद फाइनल की पहली पारी में भी उन्होंने 2 अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शमी लगातार घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी नजर भारतीय टीम में वापसी पर है।
भारत के लिए ऐसा रहा शमी का रिकॉर्ड-
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, 108 वनडे मैचों में उनके नाम 206 विकेट हैं। इसके अलावा उन्होंने 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27 विकेट लिए हैं। टेस्ट और वनडे क्रिकेट में शमी 6 बार पांच विकेट हॉल भी अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में खेला था, जबकि उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में था।








