BRICS dinner menu: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के औपचारिक समापन के बीच गाला डिनर के मेन्यू को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने BRICS डिनर में केवल शाकाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि भारत की 80 प्रतिशत आबादी नॉन-वेजिटेरियन है। उन्होंने लिखा, “रिकॉर्ड के लिए बता दूं: 80% भारतीय नॉन-वेजिटेरियन हैं। भारतीय नॉन-वेज खाना बेहद लजीज होता है। ठीक वैसे ही, जैसे मेरी बहन के हाथ के छोले-भटूरे।” राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के साथ छोले-भटूरे की तस्वीर भी शेयर की। हालांकि, उन्होंने 80 प्रतिशत भारतीयों के नॉन-वेजिटेरियन होने के दावे के समर्थन में कोई आधिकारिक स्रोत नहीं बताया।
BRICS dinner menu: क्या था BRICS गाला डिनर का मेन्यू-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों के लिए पूरी तरह शाकाहारी गाला डिनर की मेजबानी की। डिनर में भारतीय खानपान और ‘श्री अन्न’ यानी मिलेट्स को खास प्राथमिकता दी गई। मेन्यू में खांडवी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, मिलेट पुलाव, मशरूम गलौटी और जलेबी जैसे व्यंजन शामिल किए गए थे। इसका उद्देश्य विदेशी मेहमानों को भारत की पारंपरिक खानपान संस्कृति के साथ पौष्टिक और सस्टेनेबल फूड से परिचित कराना था।
BRICS dinner menu: डिनर मेन्यू को लेकर सोशल मीडिया पर बहस-
राहुल गांधी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर BRICS डिनर के मेन्यू को लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने भारतीय खानपान में नॉन-वेज व्यंजनों की विविधता का जिक्र किया, जबकि कई लोगों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय शाकाहारी और मिलेट आधारित व्यंजनों को बढ़ावा देने के फैसले की सराहना की।
अनवर इब्राहिम ने राहुल गांधी को बताया ‘अच्छा दोस्त’-
इसी बीच BRICS समिट में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से ब्रेकफास्ट पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच वैश्विक घटनाक्रम और भारत-मलेशिया संबंधों को लेकर बातचीत हुई। मुलाकात के बाद अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हुए राहुल गांधी को अपना ‘अच्छा दोस्त’ बताया। उन्होंने कहा कि नाश्ते के दौरान दोनों के बीच ताजा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार साझा करने का अवसर मिला।
यह भी पढ़े- क्या भारत बनाम अफगानिस्तान टी20I सीरीज में वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं डेब्यू?








