Home » राष्ट्रीय » लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, छुए गणपति के चरण, बोले- ‘यह अनुभव अद्भुत है’

लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, छुए गणपति के चरण, बोले- ‘यह अनुभव अद्भुत है’

सर्जियो गोर ने किए लालबागचा राजा के दर्शन

Lalbaugcha Raja: देशभर में सोमवार से 11 दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत हर्षोल्लास के साथ हुई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी गणपति उत्सव का खास उत्साह देखने को मिला। शहर की गलियां ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठीं। ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। मुंबई का लालबाग हर साल की तरह इस बार भी गणेशोत्सव का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इसी बीच भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर लालबागचा राजा के दर्शन किए और भगवान गणेश की पूजा की।

Lalbaugcha Raja: सर्जियो गोर ने गणपति के पैर छुए

लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भगवान गणेश के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने अपने अनुभव को भी साझा किया। सर्जियो गोर ने कहा कि यहां आना उनके लिए वास्तव में अद्भुत अनुभव है और वह यहां आकर काफी सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें निमंत्रण पाकर बहुत अच्छा लगा। उनके मुताबिक, हर व्यक्ति को यहां आकर इस भव्य आयोजन को देखना चाहिए, क्योंकि इतनी जीवंत जगहें बहुत कम देखने को मिलती हैं। उन्होंने यहां की ऊर्जा को भी अद्भुत बताया और कहा कि अगर कोई व्यक्ति यहां मौजूद नहीं है तो इस अनुभव को शब्दों में समझाना मुश्किल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे अभी तक यहां नहीं आए हैं, तो उन्हें जरूर आना चाहिए।

Lalbaugcha Raja: सर्जियो गोर ने किए लालबागचा राजा के दर्शन
सर्जियो गोर ने किए लालबागचा राजा के दर्शन
अमेरिकी राजदूत ने दी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने आधिकारिक हैंडल से किए गए एक ट्वीट में भी गणेश उत्सव को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुंबईचा राजा और लालबागचा राजा के दर्शन करने के बाद उन्हें काफी खुशी हुई। उन्होंने इसे आस्था और समुदाय का ऐसा जीवंत रूप बताया, जो सभी लोगों को एक साथ जोड़ता है। उन्होंने गणेश चतुर्थी मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।मुंबई में अंबानी परिवार ने भी अपने आवास पर गणपति पूजा का आयोजन किया। इस दौरान कई फिल्मी सितारों की मौजूदगी से माहौल और खास हो गया। सलमान खान, विक्की कौशल और कैटरीना कैफ समेत कई सेलिब्रिटीज अंबानी परिवार के आवास पर पहुंचे।

Lalbaugcha Raja: पीएम मोदी ने पीयूष गोयल के घर किए गणपति दर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोमवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर गणपति दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने कामना की कि भगवान श्री गणेश सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने आवास पर गणपति पूजन में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सान्निध्य मिलना उनके और उनके परिवार के लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कामना की कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से कष्ट दूर करें और अपना आशीर्वाद बनाए रखें। साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि भारत विकसित देश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता रहे।