Pakistan airstrikes: पाकिस्तान ने सोमवार को अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तानी अधिकारियों ने हमले में 28 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया है। वहीं, तालिबान सरकार ने कुनार में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की बात कही है।
Pakistan airstrikes: कुनार में घर पर हमले में 3 लोगों की मौत-
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि कुनार में एक घर को निशाना बनाकर हमला किया गया। इसमें एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई। चार लोग घायल हुए हैं। मुजाहिद के मुताबिक, पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में भी दो जगहों पर बमबारी की गई। यहां एक घर और दुकान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के मारे जाने की जानकारी नहीं है। तालिबान सरकार ने कहा है कि अफगानिस्तान इस हमले का उचित जवाब देगा।
Pakistan airstrikes: तालिबान का दावा- अमेरिकी Mk82 बम का इस्तेमाल-
तालिबान सरकार ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक के दौरान अमेरिका में बने Mk82 जनरल-पर्पस बम का इस्तेमाल किया। अफगान सरकार ने कथित तौर पर बम के गाइडेंस सिस्टम का एक टुकड़ा भी जारी किया है। अफगान सरकार के मुताबिक, यह टुकड़ा Mk82 बम का है और सोमवार सुबह हुए पाकिस्तानी हमले में इसका इस्तेमाल किया गया था।
पाकिस्तान का आरोप- TTP को पनाह दे रहा तालिबान-
पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है। पाकिस्तान का दावा है कि TTP के लड़ाके अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान में आतंकी हमलों के लिए करते हैं। पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान में मौजूद TTP और उससे जुड़े समूहों के ठिकानों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई इन्हीं हमलों के जवाब में की जा रही है।
पाकिस्तान में हालिया हमलों के बाद बढ़ा तनाव-
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को पुलिस परिसर के पास आत्मघाती हमला हुआ था। इसमें 16 लोगों की मौत हुई थी। इसके अगले दिन हंगू में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में 6 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए। पाकिस्तान इन घटनाओं के लिए अफगानिस्तान में मौजूद TTP और उससे जुड़े समूहों को जिम्मेदार मानता है।
पाकिस्तान और TTP के बीच क्यों है संघर्ष-
2001 में अमेरिका के अफगानिस्तान पर हमले के बाद पाकिस्तान ने अमेरिका का समर्थन किया था। इससे TTP नाराज हुआ और उसने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध शुरू किया। TTP का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार इस्लाम के सिद्धांतों का पालन नहीं करती। इसी आधार पर संगठन लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ सशस्त्र कार्रवाई करता रहा है। TTP के अफगान तालिबान के साथ भी लंबे समय से संबंध बताए जाते हैं। 2021 में अफगान तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद पाकिस्तान और TTP के बीच तनाव और बढ़ा। पाकिस्तान ने TTP के ठिकानों को निशाना बनाकर अफगानिस्तान में भी सैन्य कार्रवाई की है। सोमवार की एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। तालिबान सरकार ने हमले का जवाब देने की बात कही है।
यह भी पढ़े- किसी मिमिक्री की नहीं, बल्कि वैचारिक परिपक्वता की कायल होती है जनता









