Home » अंतरराष्ट्रीय » शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा पर मुहर, 23 से 25 सितंबर तक US दौरा; ट्रंप करेंगे एयरपोर्ट पर स्वागत

शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा पर मुहर, 23 से 25 सितंबर तक US दौरा; ट्रंप करेंगे एयरपोर्ट पर स्वागत

Xi Jinping US Visit:

Xi Jinping US Visit: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। चीन के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, शी जिनपिंग 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अहम शिखर वार्ता होगी।

Xi Jinping US Visit: 23 सितंबर को अमेरिका पहुंचेंगे शी जिनपिंग-

शी जिनपिंग 23 सितंबर को वॉशिंगटन पहुंचेंगे। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी बैठक होगी। चीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता चीन-अमेरिका संबंधों के साथ-साथ विश्व शांति और विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

Xi Jinping US Visit: एयरपोर्ट पर खुद ट्रंप करेंगे जिनपिंग का स्वागत-

शी जिनपिंग की यात्रा को लेकर एक अहम बात यह भी सामने आई है कि डोनाल्ड ट्रंप उनके अमेरिका पहुंचने पर खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने की योजना बना रहे हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रंप वॉशिंगटन के बाहर स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज पर शी जिनपिंग का स्वागत कर सकते हैं। विदेशी नेताओं का अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत रूप से स्वागत करना अपेक्षाकृत दुर्लभ है।

व्यापार और टेक्नोलॉजी पर हो सकती है चर्चा-

ट्रंप और जिनपिंग की बैठक में अमेरिका-चीन व्यापार संबंध प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकते हैं। दोनों देशों के बीच टैरिफ और व्यापार को लेकर लंबे समय से तनाव रहा है। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीकी प्रतिबंधों और आर्थिक संबंधों से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत होने की उम्मीद है।

ताइवान और वैश्विक मुद्दों पर भी नजर-

बैठक में ताइवान से जुड़े सुरक्षा और सैन्य तनाव जैसे मुद्दे भी चर्चा में आ सकते हैं। इसके अलावा ईरान और मध्य पूर्व की स्थिति समेत व्यापक भू-राजनीतिक मुद्दे भी दोनों नेताओं की बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं।

दोनों नेताओं की इस साल दूसरी बड़ी मुलाकात-

शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप की इस साल यह दूसरी प्रमुख शिखर बैठक होगी। इससे पहले दोनों नेता मई 2026 में बीजिंग में मिले थे। आगामी अमेरिकी यात्रा के दौरान दोनों पक्ष चीन-अमेरिका संबंधों में मतभेदों को संभालने और बातचीत को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

क्यों अहम है ट्रंप-जिनपिंग की बैठक-

अमेरिका और चीन दुनिया की दो प्रमुख आर्थिक और राजनीतिक शक्तियां हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक, AI, ताइवान और वैश्विक भू-राजनीति जैसे कई मुद्दों पर मतभेद हैं। ऐसे में 23 से 25 सितंबर तक होने वाली शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा और ट्रंप के साथ उनकी शिखर वार्ता पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर रहेगी

यह भी पढ़े- पाकिस्तान की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक, 28 आतंकियों के मारे जाने का दावा