Kanpur Murder Case: कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। बहू शालू (32) के बाद पुलिस ने बुधवार देर रात उनके बेटे सुब्रत (35) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सुब्रत की गिरफ्तारी हत्याकांड में पकड़े गए नौकर विशाल के बयान के आधार पर की गई है।
Kanpur Murder Case: नौकर विशाल ने सुब्रत पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस पूछताछ में विशाल ने दावा किया कि उसने सुब्रत के कहने पर ही विनीत मिनोचा की हत्या की थी। उसके मुताबिक, सुब्रत ने उससे कहा था कि अगर वह पकड़ा जाए तो पुलिस को बताए कि हत्या शालू ने करवाई है। विशाल का यह भी दावा है कि सुब्रत ने उसे इसके बदले 6 लाख रुपये देने की बात कही थी।बुधवार को पुलिस ने शालू, विशाल और उसके साथी राजकिशोर को 24 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया था। कल्याणपुर थाने में शालू और विशाल का आमना-सामना सुब्रत से कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान शालू अपने पति सुब्रत को देखकर रोने लगी। उसने कहा कि उसे फंसा दिया गया है। वहीं, सुब्रत ने उसकी तरफ देखने से भी परहेज किया और अपना मुंह दूसरी ओर कर लिया। इसके बाद तीनों को थाने से पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने उनसे कई दौर में पूछताछ की।
सुब्रत पर 15 लाख रुपये का कर्ज
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि सुब्रत पर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज था और वह इसे लेकर परेशान था। इसी बीच 5 सितंबर की रात कानपुर में विनीत मिनोचा की उनके फ्लैट में हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, नौकर विशाल ने अपने साथी राजकिशोर के साथ मिलकर विनीत पर चाकू से 26 वार किए थे।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तारी के बाद विशाल ने शालू का नाम लिया था। उसने पुलिस से कहा था कि शालू ने ही अपने ससुर की हत्या करने के लिए कहा था। इसके बाद से शालू, विशाल और राजकिशोर आरोपी के तौर पर पुलिस की कार्रवाई में हैं।
Kanpur Murder Case: पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान क्या सामने आया?
‘भैया ने कहा था- हत्या ऐसी लगे जैसे मौत स्वाभाविक हो’
पुलिस पूछताछ में विशाल ने बताया कि हत्या से पहले सुब्रत ने उसे फोन किया था। विशाल के मुताबिक, सुब्रत ने कहा था कि वारदात इस तरह की जाए कि मामला हत्या के बजाय स्वाभाविक मौत जैसा दिखाई दे।
विशाल ने दावा किया कि हत्या वाले दिन सुब्रत ने उसे 6 बार फोन किया था और हर बार जल्दबाजी में बात की थी। उसके अनुसार, योजना विनीत मिनोचा का मुंह तकिए से दबाकर उनकी हत्या करने की थी। इसी वजह से वह अपने साथी राजकिशोर के साथ पहले ही फ्लैट में छिप गया था।
विशाल के मुताबिक, कुछ समय बाद विनीत मिनोचा फ्लैट में पहुंचे और उन्होंने अचानक उस कमरे की लाइट जला दी, जहां दोनों छिपे हुए थे। दोनों को देखकर विनीत शोर मचाने लगे। विशाल ने बताया कि घबराहट में उसने चाकू से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस तरह तकिए से मुंह दबाकर हत्या करने की योजना पूरी नहीं हो सकी।
हालांकि, विशाल के इस बयान के बाद पुलिस ने जब सुब्रत से पूछताछ की तो उसने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। सुब्रत ने कहा कि विशाल ऐसा बयान क्यों दे रहा है, उसे इसकी जानकारी नहीं है। उसने पुलिस से कहा कि उसने विशाल को कभी भी पिता की हत्या करने के लिए नहीं कहा।

Kanpur Murder Case: पूछताछ में शालू रोती रही, सुब्रत ने नजरें नहीं मिलाईं
पूछताछ के दौरान शालू ने रोते हुए कहा कि सुब्रत उसे अच्छी तरह जानता है। इसके बावजूद वह जेल में उससे मिलने तक नहीं आया। अधिकारियों ने पहले उसे शांत कराया और फिर पूछताछ शुरू की।शालू अपने पहले दिए गए बयानों पर कायम रही। उसने कहा कि उसने अपने ससुर विनीत मिनोचा की हत्या नहीं करवाई। उसके मुताबिक, उसके और ससुर के संबंध अच्छे थे। विनीत को शुगर की बीमारी थी, इसलिए वह उनका पूरा ध्यान रखती थी।
जब पुलिस ने शालू से पूछा कि विशाल ने उसका नाम क्यों लिया, तो उसने कहा कि वह खुद इस बात से हैरान है कि विशाल ने किसके कहने पर उसका नाम लिया। पुलिस ने जब उसे बताया कि विशाल ने अपना बयान बदल दिया है और अब वह सुब्रत के कहने पर उसका नाम लेने की बात कह रहा है, तो शालू कुछ देर तक सुब्रत और विशाल को देखती रही।इस दौरान शालू की नजरें लगातार सुब्रत पर थीं, लेकिन सुब्रत ने उसकी तरफ नहीं देखा।
Kanpur Murder Case: सुब्रत को देखते ही शालू ने कहा- मुझे फंसा दिया
पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान करीब 18 दिन बाद शालू का अपने पति सुब्रत से आमना-सामना हुआ। करीब एक घंटे तक चली पूछताछ में शालू लगातार सुब्रत की तरफ देखती रही।
जब सुब्रत ने अपने पिता की हत्या का आरोप शालू पर लगाया तो वह रो पड़ी। उसने कहा कि खुद को बचाने के लिए उसे फंसा दिया गया है। पूछताछ के दौरान शालू 3 से 4 बार रोई। उसने अधिकारियों से कहा कि उसे सुब्रत पर बहुत भरोसा था, लेकिन अब उसका विश्वास टूट चुका है।
40 से ज्यादा सवाल, हर गतिविधि की वीडियोग्राफी
हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों ने 40 से ज्यादा सवालों की सूची तैयार की थी। जांच की निगरानी सीधे पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, इंस्पेक्टर और 3 दरोगाओं की संयुक्त टीम कर रही है।पूरी पूछताछ और जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपियों के चेहरे के हाव-भाव, जवाब देते समय उनकी प्रतिक्रिया और उनके बयानों को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया, ताकि आगे अदालत में उनके बयान बदलने की स्थिति में रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
Kanpur Murder Case: रतन ऑर्बिट की बाउंड्री के पास मिली चाबी
बुधवार को पुलिस विशाल को लेकर कल्याणपुर के केशवपुरम स्थित रतन ऑर्बिट पहुंची। पुलिस के मुताबिक, विशाल ने बाउंड्री वॉल फांदकर भागते समय चाबी वहीं फेंकी थी। तलाशी के दौरान बाउंड्री वॉल से लगे एक खाली प्लॉट में चाबी बरामद हुई।वहीं, दूसरे आरोपी राजकिशोर को सेंट्रल स्टेशन ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर सुलभ शौचालय के पीछे से खून से सनी पैंट और काला गमछा बरामद किया गया।
राजकिशोर को शालू और सुब्रत ने पहचानने से किया इनकार
पुलिस ने राजकिशोर का भी सुब्रत और शालू से आमना-सामना कराया। दोनों ने राजकिशोर को पहचानने से इनकार कर दिया। वहीं, राजकिशोर ने भी कहा कि वह पहले कभी शालू या सुब्रत से नहीं मिला था।पूछताछ में राजकिशोर ने पुलिस को बताया कि उसने विशाल के कहने पर इस वारदात में हिस्सा लिया था। उसके मुताबिक, उसे पैसों की जरूरत थी और इसी वजह से वह हत्या में शामिल हुआ।पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों को सबसे पहले जेड स्क्वायर मॉल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड से पहले शालू ने यहां नौकर विशाल को शॉपिंग कराई थी। इसके बाद पुलिस उन्हें कल्याणपुर थाने और आईआईटी चौकी भी लेकर गई।
Kanpur Murder Case: सुब्रत से पूछे गए सवाल और उसके जवाब
पुलिस: पिता से आपके संबंध कैसे थे?
सुब्रत: पिता अच्छे और केयरिंग थे। वह परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे।
पुलिस: आपके माता-पिता के बीच संबंध कैसे थे?
सुब्रत: दोनों के संबंध अच्छे थे। मां पुनीता कुछ महीने कानपुर और कुछ महीने दिल्ली में रहती थीं। दिल्ली में भी हमारा फ्लैट है।
पुलिस: पत्नी शालू के साथ आपके संबंध कैसे थे?
सुब्रत: संबंध अच्छे थे। कुछ पारिवारिक मुद्दों को लेकर विवाद होते थे, लेकिन यह सामान्य बात है।
पुलिस: बिरहाना रोड की दुकान से सामान गायब होने पर क्या हुआ था?
सुब्रत: दुकान से इलेक्ट्रॉल का एक गत्ता गायब हुआ था। विशाल की मदद से वह गत्ता गायब किया गया था। पिता ने दुकान पर सभी के सामने मुझे डांटा था। घर पर भी इस बात को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस: दवा कंपनी के बुलाने पर देहरादून गए थे। वहां क्या हुआ था?
सुब्रत: होटल से एक बैग गायब हो गया था। उसमें कई जरूरी दस्तावेज थे। पिता ने इस मामले को लेकर मुझे काफी डांटा था।
पुलिस: क्या देहरादून में आपकी कनाडा की कोई दोस्त है?
सुब्रत: हां, दोस्त है। लेकिन हमारे बीच सिर्फ दोस्ती है।
पुलिस: विशाल अब आपका नाम ले रहा है। क्या आपने पिता की हत्या करवाई?
सुब्रत: विशाल पहले शालू का नाम ले रहा था। अब वह मुझे फंसा रहा है।
पुलिस: पिता ने चोरी के आरोप में विशाल को नौकरी से निकाल दिया था और वह उसे पसंद भी नहीं करते थे। फिर भी आप उससे संपर्क में क्यों थे?
सुब्रत: वह मेरे छोटे-बड़े कामों में मदद करता था। इसके बदले मैं आर्थिक रूप से उसकी मदद करता था।
पुलिस: आपको हमेशा पैसों की जरूरत रहती थी। क्या पिता आपको कम पैसे देते थे?
सुब्रत: यह सही है कि पिता सीमित पैसे देते थे। हमारा स्टेटस हाई था, इसलिए पैसे कम पड़ जाते थे।
पुलिस: 40 हजार रुपये महीने मिलने के बावजूद महंगी पार्टियों और किटी में शामिल होते थे?
सुब्रत: मैं क्रेडिट कार्ड और दोस्तों की मदद लेता था। इसी वजह से मुझ पर कर्ज भी हो गया।
पुलिस: क्या कर्ज के कारण आपने पिता की हत्या की योजना बनाई और शालू को फंसा दिया?
सुब्रत: नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं है। पैसों के लिए मैं अपने पिता की हत्या नहीं करा सकता।
पुलिस: हत्या वाले दिन सीसीटीवी फुटेज में विशाल को देखने के बाद भी आपने उसे क्यों नहीं पहचाना?
सुब्रत: पार्टी में मैंने काफी शराब पी ली थी, इसलिए उसे पहचान नहीं पाया।
Kanpur Murder Case: कर्ज और खर्च को लेकर पुलिस की जांच
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि सुब्रत पर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज है। पूछताछ में उसने बताया कि क्रेडिट कार्ड के खर्च, पार्टियों और घूमने की आदत के कारण उस पर कर्ज बढ़ता गया। पुलिस को उसके गेमिंग और सट्टे में पैसे गंवाने की जानकारी भी मिली है।
शुगर बढ़ने के बाद राउंडवार पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, सुब्रत को डायबिटीज है। बुधवार को पूछताछ के दौरान उसका शुगर लेवल काफी बढ़ गया था। सूत्रों का दावा है कि एक समय उसका शुगर लेवल 700 से ऊपर पहुंच गया था। उसकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उससे अलग-अलग राउंड में पूछताछ की।









