Ujjain Shahi Masjid: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन हुआ। टंकी चौराहे पर 100 से ज्यादा लोग एकत्र हो गए। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
Ujjain Shahi Masjid: महिलाओं ने किया चक्काजाम
मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ बढ़ने लगी तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। इसी बीच मुस्लिम महिलाओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इससे यातायात प्रभावित हुआ। महिलाओं को सड़क से हटाने के दौरान क्राइम ब्रांच की थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं।
सिंहस्थ के लिए चौड़ी की जा रही सड़क
उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इस सड़क की चौड़ाई 15 मीटर की जा रही है। इसी प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा भी आ रहा है। मामले पर सोमवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई होनी है।
Ujjain Shahi Masjid: पथराव के बाद पुलिस की कार्रवाई
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के मस्जिद परिसर की ओर जाने की कोशिश करने की जानकारी सामने आई। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोबारा पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।मौके पर आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भासेन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौजूद हैं। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मस्जिद को ग्रीन नेट से ढका गया
सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रहे विवाद के बीच शाही मस्जिद के हिस्से को फिलहाल ग्रीन नेट से ढक दिया गया है। सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में मामले की सुनवाई भी होनी है। सुनवाई से पहले ही विरोध प्रदर्शन तेज हो गया।
Ujjain Shahi Masjid: नाका नंबर-5 पर महिलाओं का चक्काजाम
शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर भी चक्काजाम किया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और महिलाओं से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाने की कोशिश की।जब कुछ महिलाएं आगे बढ़ने लगीं तो महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया।
महिलाओं को हटाते समय महिला टीआई घायल
लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान क्राइम ब्रांच में पदस्थ थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, विरोध कर रही महिलाओं को सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने के लिए पुलिसकर्मी चादर की आड़ में महिलाओं के बीच पहुंचे थे।इसी दौरान चादर के एक कोने से महिला टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में कट लग गया। उनके हाथ पर पट्टी बांधी गई और मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया।
Ujjain Shahi Masjid: पुष्पा पांचाल ने बताई घटना
पुष्पा पांचाल ने बताया कि महिलाओं को हटाने के दौरान वह चादर की आड़ में मौजूद थीं। इसी दौरान चादर के कोने से उनके हाथ में चोट लग गई। उन्होंने बताया कि किसी भी महिला को चोट नहीं आई और सभी महिलाएं सुरक्षित हैं।उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसी जिम्मेदारी के तहत पुलिस मौके पर कार्रवाई कर रही थी।
संवेदनशील इलाके में भारी पुलिस बल
स्थिति को देखते हुए उज्जैन के संवेदनशील इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। शाही मस्जिद के हिस्से और सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रहा विवाद अब हाईकोर्ट की सुनवाई से भी जुड़ गया है।









