Stock Market Slump: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। बढ़ते ईरान-अमेरिका तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। इसका असर बाजार पर साफ दिखाई दिया और सेंसेक्स-निफ्टी करीब 1.5 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। इस गिरावट के चलते BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹8 लाख करोड़ घटकर लगभग ₹474 लाख करोड़ रह गया।
Stock Market Slump: सेंसेक्स 1124 अंक टूटा, निफ्टी 22,800 के नीचे-
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,124.02 अंक यानी 1.52% गिरकर 72,771.72 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 में 360.25 अंक यानी 1.56% की गिरावट रही और यह 22,780.25 पर पहुंच गया। NSE पर करीब 2,716 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 869 शेयरों में तेजी रही। वहीं, 91 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
Stock Market Slump: 30 में से 29 सेंसेक्स शेयर लाल निशान में-
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 29 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। L&T और पावर ग्रिड में करीब 3% की गिरावट रही। अदाणी पोर्ट्स, HDFC बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज और SBI के शेयर भी 2% से ज्यादा टूटे। इसके उलट इन्फोसिस सेंसेक्स का एकमात्र शेयर रहा, जो मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी में जियो फाइनेंशियल, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अदाणी एंटरप्राइजेज और अदाणी पोर्ट्स प्रमुख गिरावट वाले शेयर रहे। वहीं, डॉ. रेड्डीज लैब्स और इन्फोसिस में बढ़त देखने को मिली।
सभी सेक्टरल इंडेक्स लाल निशान में-
सोमवार की बिकवाली किसी एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही। सभी प्रमुख सेक्टरल इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी PSU बैंक में 3% से ज्यादा की गिरावट आई, जबकि टेलीकॉम इंडेक्स करीब 2% नीचे रहा। इसके अलावा ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG, मेटल, प्राइवेट बैंक और रियल्टी समेत कई सेक्टरों में 1 से 2% तक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 भी करीब 2% फिसल गए।
क्यों टूटा शेयर बाजार-
बाजार में गिरावट की बड़ी वजह बढ़ता ईरान-अमेरिका तनाव रहा। तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई, जिससे महंगाई और कंपनियों की लागत को लेकर चिंता बढ़ी। इसके साथ अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने भी निवेशकों पर दबाव बढ़ाया। बाजार में डर का स्तर भी बढ़ा। इंडिया VIX करीब 12% उछलकर 14 के आसपास पहुंच गया। इससे सोमवार के कारोबार में निवेशकों के बीच बढ़ी हुई अस्थिरता साफ दिखाई दी।
यह भी पढ़े- उज्जैन की शाही मस्जिद पर हाईकोर्ट का फैसला, तोड़फोड़ पर रोक से इनकार









