World Cup 2027: वनडे विश्व कप 2027 अब करीब एक साल दूर है। अगले साल अक्टूबर-नवंबर के दौरान होने वाले इस टूर्नामेंट की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इस बीच विश्व कप के फॉर्मेट को लेकर तस्वीर सामने आ गई है। माना जा रहा है कि ICC जल्द ही पूरे शेड्यूल और वेन्यू का ऐलान कर सकता है।
World Cup 2027: दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा विश्व कप-
2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इस बार कुल 14 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता को अलग-अलग चरणों में बांटा गया है, जिसमें सुपर सीरीज, मुख्य ग्रुप राउंड, सुपर 7, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं। पहले मुकाबले की तारीख अभी तय नहीं हुई है। हालांकि, इसके 2 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
World Cup 2027: विश्व कप में होंगे चार प्रमुख चरण-
विश्व कप के दौरान कुल चार प्रमुख चरण होंगे। इसकी शुरुआत सुपर सीरीज से होगी। यह चरण पहली बार विश्व कप के फॉर्मेट में शामिल किया गया है। 14 क्वालीफाई करने वाली टीमों में से सबसे निचली तीन टीमों के बीच सुपर सीरीज खेली जाएगी। इस चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम आगे मुख्य प्रतियोगिता में जगह बनाएगी, जबकि बाकी दो टीमों का सफर समाप्त हो जाएगा।
सुपर सीरीज के बाद शुरू होगा मुख्य ग्रुप राउंड-
सुपर सीरीज की विजेता टीम बाकी 11 टीमों के साथ मुख्य ग्रुप राउंड में शामिल होगी। इस तरह कुल 12 टीमें हो जाएंगी। इन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमें आगे बढ़ेंगी। इनके अलावा प्रदर्शन के आधार पर एक और टीम सुपर 7 में जगह बनाएगी।
सुपर 7 में सात टीमें करेंगी मुकाबला-
सुपर 7 चरण में कुल सात टीमें होंगी। यहां हर टीम को बाकी छह टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलना होगा। यानी प्रत्येक टीम छह मैच खेलेगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान वाली टीम से, जबकि दूसरे स्थान की टीम का सामना तीसरे स्थान वाली टीम से होगा।
सेमीफाइनल के बाद होगा खिताबी मुकाबला-
दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद फाइनल मुकाबले के साथ विश्व कप के चैंपियन का फैसला होगा। इस तरह टूर्नामेंट की शुरुआत 14 टीमों से होगी और धीरे-धीरे टीमें बाहर होती जाएंगी। अंत में दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
फाइनल तक पहुंचने वाली टीम को खेलने होंगे करीब 13 मैच-
फॉर्मेट के अनुसार, जो टीम फाइनल तक पहुंचेगी उसे ग्रुप स्टेज से लेकर खिताबी मुकाबले तक करीब 13 मैच खेलने होंगे। इसमें पांच ग्रुप मैच, सुपर 7 के छह मुकाबले, एक सेमीफाइनल और फाइनल शामिल होगा।
2023 और 2027 विश्व कप में क्या होगा अंतर-
2023 के विश्व कप में कुल 10 टीमें शामिल हुई थीं, जबकि 2027 में टीमों की संख्या बढ़ाकर 14 कर दी गई है। इसके अलावा इस बार फॉर्मेट में सुपर सीरीज और सुपर 7 जैसे चरण शामिल किए गए हैं। 2023 में सेमीफाइनल से पहले सभी टीमों के लिए एक सिंगल लीग चरण था, जबकि 2027 के प्रस्तावित फॉर्मेट में प्रतियोगिता को अलग-अलग चरणों में बांटा गया है।
जल्द हो सकता है पूरे शेड्यूल का ऐलान-
विश्व कप का पूरा शेड्यूल लगभग तैयार होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में ICC जल्द ही मैचों की तारीखों और वेन्यू का ऐलान कर सकता है। शेड्यूल जारी होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीम कब और किस मैदान पर मुकाबला खेलेगी।
यह भी पढ़े- दिल्ली में बिना PUCC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, प्रदूषण रोकने के लिए सरकार का बड़ा प्लान









