Home » राजनीति » SIR और चुनाव आयोग पर विपक्ष की बड़ी बैठक, I.N.D.I.A. ब्लॉक बनाएगा आगे की रणनीति

SIR और चुनाव आयोग पर विपक्ष की बड़ी बैठक, I.N.D.I.A. ब्लॉक बनाएगा आगे की रणनीति

SIR पर विपक्ष की बैठक, अखिलेश नहीं होंगे शामिल

INDIA Bloc Meeting: दिल्ली में 30 सितंबर को विपक्षी दलों के I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक होने वाली है। बैठक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी का कोई दूसरा नेता बैठक में पहुंचेगा।

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। पार्टी सांसद संजय राउत ने बताया कि पार्टी 2 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों में व्यस्त है। शिवसेना (UBT) दीपके के CJP प्रदर्शन का भी समर्थन करेगी।I.N.D.I.A. ब्लॉक के गठन के बाद पिछले 3 साल में यह 8वीं बैठक होगी। वहीं 2026 में यह गठबंधन की दूसरी बैठक है। इससे पहले 8 जून को SIR और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। हालांकि, उस बैठक में आम आदमी पार्टी और DMK शामिल नहीं हुई थीं।

INDIA Bloc Meeting: लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे अखिलेश

समाजवादी पार्टी ने बताया है कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में होने वाले किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के अनुसार, अखिलेश यादव ने इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बातचीत भी की है।कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि पहले से तय कार्यक्रम के कारण अखिलेश बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़ी व्यस्तता का भी उल्लेख किया था।

ममता और तेजस्वी समेत कई नेताओं के पहुंचने की उम्मीद

I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के भी बैठक में पहुंचने की उम्मीद है।इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल की ओर से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी के बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

INDIA Bloc Meeting: 27 सितंबर को केजरीवाल से मिले थे एमए बेबी

सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी 27 सितंबर को अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके घर पहुंचे थे। मुलाकात के बाद बेबी ने बताया था कि कांग्रेस I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक को लेकर अलग-अलग पार्टियों के बीच समन्वय का काम देख रही है। उन्होंने कहा था कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल को बैठक के लिए आमंत्रित नहीं किया है।बेबी के अनुसार, केजरीवाल ने चुनाव आयोग के खिलाफ मजबूत अभियान चलाने की जरूरत बताई थी। उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी पार्टी के नेताओं से चर्चा करने की बात भी कही थी। बेबी ने यह भी कहा था कि उन्होंने I.N.D.I.A. ब्लॉक से बाहर की पार्टियों को भी पत्र भेजा है।

CEC के खिलाफ संसद में प्रस्ताव पर हो सकती है चर्चा

बैठक में SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी विचार किया जा सकता है।कुछ रिपोर्टों के अनुसार, बैठक में संसद में उनके खिलाफ प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त कार्रवाई करने के विकल्प पर भी चर्चा हो सकती है।

INDIA Bloc Meeting: AAP-DMK पिछली बैठक में नहीं आईं, संयुक्त पत्र पर किए थे हस्ताक्षर

I.N.D.I.A. ब्लॉक की यह बैठक करीब साढ़े 3 महीने के अंतराल के बाद हो रही है। इससे पहले 8 जून को हुई बैठक में 23 दल शामिल हुए थे। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई प्रमुख नेता पहुंचे थे।आम आदमी पार्टी और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुई थीं। हालांकि, SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने 28 जून को CJI सूर्यकांत को एक संयुक्त पत्र भेजा था। पत्र में चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। आम आदमी पार्टी और DMK ने भी इस संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।I.N.D.I.A. ब्लॉक के नेताओं की ओर से CJI को भेजे गए संयुक्त पत्र में आरोप लगाया गया था कि पिछले कुछ वर्षों में चुनाव आयोग की स्वतंत्रता कमजोर हुई है।

INDIA Bloc Meeting: SIR पर विपक्ष की बैठक, अखिलेश नहीं होंगे शामिल
SIR पर विपक्ष की बैठक, अखिलेश नहीं होंगे शामिल
INDIA Bloc Meeting: I.N.D.I.A. ब्लॉक की पिछली 7 बैठकें
1. 23 जून 2023, पटना: पहली बैठक की नीतीश कुमार ने की अगुआई

विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसकी मेजबानी बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। बैठक में 15 विपक्षी दल शामिल हुए थे। इसका उद्देश्य 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एक मंच पर लाना था। बैठक के बाद विपक्षी दलों ने मिलकर चुनाव लड़ने और आगे की रणनीति पर बातचीत जारी रखने का फैसला किया था।नीतीश कुमार ने पटना में राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं का स्वागत किया था।

2. 17-18 जुलाई 2023, बेंगलुरु: गठबंधन को मिला I.N.D.I.A. नाम

विपक्षी गठबंधन की दूसरी बैठक 17 और 18 जुलाई 2023 को बेंगलुरु में हुई थी। इसमें 26 विपक्षी दल शामिल हुए थे। इसी बैठक में गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. तय किया गया था। इसका पूरा नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस है।

3. 31 अगस्त-1 सितंबर 2023, मुंबई: 5 कमेटियों का गठन

I.N.D.I.A. ब्लॉक की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर 2023 को मुंबई में हुई थी। इसमें गठबंधन के कामकाज को आगे बढ़ाने के लिए 5 कमेटियां बनाई गई थीं। इनमें कैंपेन, कोऑर्डिनेशन/स्ट्रैटजी, मीडिया, सोशल मीडिया और रिसर्च कमेटियां शामिल थीं।

4. 19 दिसंबर 2023, दिल्ली: ममता ने खड़गे का नाम सुझाया

I.N.D.I.A. ब्लॉक की चौथी बैठक 19 दिसंबर 2023 को दिल्ली के अशोका होटल में हुई थी। बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पद के चेहरे के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सुझाया था। अरविंद केजरीवाल ने उनके नाम का समर्थन किया था।बैठक में राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, ममता बनर्जी और महबूबा मुफ्ती समेत कई नेता शामिल हुए थे। हालांकि, प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ था।

5. 13 जनवरी 2024, वर्चुअल: सीट शेयरिंग पर चर्चा, खड़गे बने चेयरपर्सन

I.N.D.I.A. ब्लॉक की पांचवीं बैठक 13 जनवरी 2024 को ऑनलाइन हुई थी। इसमें 28 दलों के नेता शामिल हुए थे। मल्लिकार्जुन खड़गे को गठबंधन का चेयरपर्सन बनाने पर सहमति बनी थी, लेकिन संयोजक के नाम पर फैसला नहीं हो सका था।बैठक में सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा हुई थी। उस समय JDU भी I.N.D.I.A. ब्लॉक का हिस्सा था और सीट शेयरिंग में हो रही देरी पर नाराजगी जता रहा था।NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि गठबंधन में शामिल दल जल्द ही सीट शेयरिंग पर फैसला करेंगे।

6. 1 जून 2024, दिल्ली: लोकसभा चुनाव के बाद की रणनीति पर चर्चा

I.N.D.I.A. ब्लॉक की छठी बैठक 1 जून 2024 को दिल्ली में हुई थी। इसमें लोकसभा चुनाव के नतीजों और उसके बाद की रणनीति पर चर्चा की गई थी। बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी समेत कई नेता शामिल हुए थे।

7. 8 जून 2026, दिल्ली: SIR और चुनावी मुद्दों पर हुई चर्चा

I.N.D.I.A. ब्लॉक की सातवीं बड़ी बैठक 8 जून 2026 को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में हुई थी। इसमें 23 विपक्षी दल शामिल हुए थे। बैठक में SIR, चुनावी प्रक्रिया और आगे की रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

यह भी पढ़े- योगी सरकार के विकास और कानून-व्यवस्था पर जनता की राय, 2027 को लेकर क्या बोले लोग?