Home » स्पोर्ट्स » नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में ट्रैप शूटिंग का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में ट्रैप शूटिंग का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

नीरू ढांढा ने रचा इतिहास, जीता गोल्ड

Asian Games 2026: नीरू ढांडा ने शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। उन्होंने महिलाओं की ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। यह 2026 एशियन गेम्स में भारत का 5वां गोल्ड मेडल है, जबकि देश के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है। भारत इस समय पदक तालिका में 11वें स्थान पर है। नीरू की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने एशियन गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ-साथ खेलों के इतिहास में ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनने का गौरव हासिल किया है।

Asian Games 2026: फाइनल में 30 में से 28 शॉट पर लगाया निशाना

फाइनल मुकाबले में नीरू ढांडा को कुल 30 शॉट मिले, जिनमें से उन्होंने 28 शॉट पर सटीक निशाना लगाया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियन गेम्स का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह एशियन गेम्स चैंपियन बनने के साथ रिकॉर्ड होल्डर भी बन गई हैं। चीन की सुन युनगोंग ने 26 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

ट्रैप शूटिंग में पहली भारतीय महिला गोल्ड मेडलिस्ट

एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में इससे पहले कोई भी भारतीय महिला शूटर ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में गोल्ड मेडल नहीं जीत सकी थी। नीरू ढांडा यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बन गई हैं। उन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था। इस राउंड में वह कतर की एक शूटर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रही थीं। दोनों ने 118 का स्कोर किया था।

Asian Games 2026: 48 साल बाद ट्रैप शूटिंग में आया गोल्ड

भारत ने ट्रैप शूटिंग की किसी एकल स्पर्धा में आखिरी बार गोल्ड मेडल 1978 में जीता था। उस समय पुरुषों की ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में रणधीर सिंह ने गोल्ड मेडल हासिल किया था। इसके बाद 48 साल का लंबा अंतर बीत गया, लेकिन एशियन गेम्स की ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में भारत को गोल्ड नहीं मिल सका था। अब नीरू ढांडा ने इस इंतजार को खत्म कर दिया है।

Asian Games 2026: नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, जीता गोल्ड
नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, जीता गोल्ड
2026 में नीरू की एक और बड़ी उपलब्धि

साल 2026 नीरू ढांडा के लिए शानदार रहा है। इसी साल जुलाई में वह ट्रैप शूटिंग में वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनी थीं। उन्होंने इटली में आयोजित शॉटगन वर्ल्ड कप के ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था।

Asian Games 2026: भारत के खाते में आया 5वां गोल्ड

2026 एशियन गेम्स में यह भारत का 5वां गोल्ड मेडल है। अब तक भारत के लिए महिला क्रिकेट टीम, महिला और पुरुष कबड्डी टीम, शूटिंग में कमलजीत और सुरुची सिंह तथा अब नीरू ढांढा गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। नीरू की जीत के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है।

नरेंदर ने जीता ब्रॉन्ज, ओरलबाय से हारे

बॉक्सिंग में भारत के नरेंदर पुरुषों के +90 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में कजाखस्तान के ऐबेक ओरलबाय से हार गए। ओरलबाय ने सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हार के बाद नरेंदर को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। मुकाबले के आखिरी राउंड में नरेंदर ने लगातार ज्यादा पंच लगाए, जबकि ओरलबाय का फोकस डिफेंस करने और पंच से बचने पर रहा। इसी राउंड में नरेंदर को एक बार स्टैंडिंग काउंट भी मिला, लेकिन रेफरी ने मुकाबला जारी रखने का फैसला किया।

Asian Games 2026: अंकुश पंघाल ने फाइनल में बनाई जगह

वहीं, भारत के अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में वर्ल्ड चैंपियन फजलिद्दीन एरकिनबोएव को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ भारत का एक और मेडल पक्का हो गया। अंकुश ने तीसरे राउंड में 5-0 से बढ़त हासिल की और इसी प्रदर्शन के दम पर मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियन के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

यह भी पढ़े- विश्व हृदय दिवस: युवाओं और महिलाओं में भी बढ़ रहा दिल की बीमारियों का खतरा, जानें कौन सी आदतें बिगाड़ रही हृदय की सेहत