Delhi Metro: दिल्ली में 18 अक्टूबर को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार सुबह 3:30 बजे से ही मेट्रो सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है। इतना ही नहीं, मैराथन में शामिल होने वाले रनर्स को मेट्रो में मुफ्त सफर की सुविधा भी मिलेगी। यह आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा।
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो की इन 4 लाइनों पर सुबह 3:30 बजे से मिलेगी सेवा-
दिल्ली मेट्रो के मुताबिक, रविवार को चार प्रमुख लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 3:30 बजे ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी। इससे धावकों को मैराथन स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी।
इन लाइनों पर मिलेगी सुविधा:
– रेड लाइन (लाइन-1): रिठाला से शहीद स्थल (न्यू बस अड्डा)
– येलो लाइन (लाइन-2): समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम
– ब्लू लाइन (लाइन-3/4): द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली
– वायलेट लाइन (लाइन-6): कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़)
Delhi Metro: सुबह कितने मिनट में मिलेगी मेट्रो-
वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में भाग लेने वाले धावकों की सुविधा के लिए मेट्रो के फेरों का विशेष शेड्यूल तैयार किया गया है।
– सुबह 3:30 बजे से 4:15 बजे तक: हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी।
– सुबह 4:15 बजे से 6 बजे तक: हर 20 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी।
– सुबह 6 बजे के बाद: सभी लाइनों पर रविवार के सामान्य समय के अनुसार मेट्रो सेवाएं चलेंगी।
इस विशेष व्यवस्था से धावकों को सुबह जल्दी मैराथन स्थल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
रनर्स को QR कोड वाले रिस्ट बैंड से मिलेगा मुफ्त सफर-
मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी गई है। इसके तहत आने-जाने का मेट्रो किराया आयोजनकर्ता की ओर से वहन किया जाएगा। DMRC ने इसके लिए आवश्यक संख्या में QR टिकट उपलब्ध कराए हैं। धावकों को मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए आयोजकों से अपनी बिब के साथ विशेष QR कोड वाला रिस्ट बैंड लेना होगा। इसी के जरिए वे मेट्रो में मुफ्त सफर कर सकेंगे।
इन मेट्रो स्टेशनों पर तैनात रहेंगे वॉलंटियर्स-
धावकों को मैराथन स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आयोजनकर्ताओं की ओर से चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर वॉलंटियर्स तैनात किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, जोर बाग, जनपथ और जंगपुरा मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। यहां मौजूद वॉलंटियर्स प्रतिभागियों को जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन देंगे। दिल्ली मेट्रो की इस विशेष व्यवस्था से वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों को सुबह जल्दी आयोजन स्थल तक पहुंचने और मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने में सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़े- महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों को बड़ी राहत, ₹5,000 की अग्रिम सहायता का ऐलान








