Aam Mahotsav: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार से तीन दिवसीय भव्य आम महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह दीप प्रज्वलित कर इस विशेष आयोजन का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों पर जाकर आम की दुर्लभ एवं पारंपरिक किस्मों को करीब से देखा। इस दौरान प्रदर्शनी में रखा लगभग 800 ग्राम वजनी विशाल आम मुख्यमंत्री के आकर्षण का केंद्र बना। उन्होंने मुस्कुराते हुए उस आम को हाथों में उठाकर तस्वीरें खिंचवाईं और उपस्थित लोगों के साथ इस पल को साझा किया।
किसानों से संवाद, उत्कृष्ट बागवानों का हुआ सम्मान
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने आम उत्पादक किसानों और प्रगतिशील बागवानों से मुलाकात कर उनकी खेती, उत्पादन और नई तकनीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बागवानों और किसानों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसान अपनी मेहनत और गुणवत्ता के दम पर देश ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
Aam Mahotsav: ‘काकोरी ब्रांड’ के नाम से मिलेगी वैश्विक पहचान
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रसीले आमों की मांग लगातार अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ रही है। ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और मलेशिया जैसे देशों में यूपी के आमों की विशेष पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के आमों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से इन्हें ‘काकोरी ब्रांड’ के नाम से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नाम भारत के स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ देशभक्ति और प्रदेश की समृद्ध विरासत का प्रतीक भी बनेगा।
Aam Mahotsav: 800 से अधिक किस्मों ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक
तीन दिवसीय आम महोत्सव में 800 से अधिक पारंपरिक, दुर्लभ और नई किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं, जो देशभर से आए लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस बार ‘मोदी मैंगो’ और ‘योगीराज’ नाम की किस्में सबसे अधिक चर्चा में हैं। इनके अलावा नूरजहां, याकूती, बनाना मैंगो, लालिमा और टॉमी एटकिंस जैसी दुर्लभ किस्मों ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। वहीं दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अल्फांसो और लखनऊ सफेदा जैसी लोकप्रिय किस्मों की खुशबू और स्वाद भी मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।
आम से बने उत्पाद भी बने आकर्षण का केंद्र
महोत्सव केवल आम की विभिन्न किस्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां आम से तैयार किए गए अचार, पल्प, जूस, जैम और कई घरेलू उत्पाद भी बड़ी संख्या में उपलब्ध हैं। इन उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। यह आयोजन न केवल प्रदेश की बागवानी और कृषि को नई पहचान दे रहा है, बल्कि किसानों को बेहतर बाजार और निर्यात के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।








