Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज और टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है। पिछले कुछ वर्षों से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे और अब उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिटायरमेंट की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज की टीम में नहीं मिली जगह
भारतीय टीम जल्द ही श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने वाली है। इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन रहाणे को इसमें शामिल नहीं किया गया। माना जा रहा है कि टीम में लगातार जगह नहीं मिलने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की उम्मीद छोड़ दी और संन्यास लेने का फैसला किया।
2023 में खेला था भारत के लिए आखिरी मैच
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला। हालांकि उनकी सबसे बड़ी पहचान टेस्ट क्रिकेट में बनी, जहां उन्होंने कई अहम पारियां खेलीं और कुछ मुकाबलों में टीम इंडिया की कप्तानी भी की। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच साल 2023 में खेला था। इसके बाद वह टीम से बाहर रहे और अब इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी।

टी20 से किया था इंटरनेशनल करियर का आगाज
भले ही रहाणे को टेस्ट स्पेशलिस्ट कहा जाता रहा, लेकिन उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत टी20 क्रिकेट से की थी। उन्होंने अगस्त 2011 में भारत के लिए पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। हालांकि इस फॉर्मेट में उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं चला और उन्होंने अपना आखिरी टी20 मैच साल 2016 में खेला।
इसी साल उन्होंने भारत के लिए वनडे क्रिकेट में भी कदम रखा। सितंबर 2016 में उनका पहला वनडे मैच था। 2018 के बाद वह वनडे टीम से भी बाहर हो गए और फिर वापसी नहीं कर सके।वहीं टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने साल 2013 में डेब्यू किया और लंबे समय तक भारत की बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी बने रहे।
टेस्ट क्रिकेट में रहा शानदार रिकॉर्ड
अजिंक्य रहाणे का सबसे सफल करियर टेस्ट क्रिकेट में रहा। 2013 में डेब्यू करने के बाद उन्होंने 2024 तक भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने 85 टेस्ट मैचों में 5,077 रन बनाए। उनके नाम 12 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं।वनडे क्रिकेट में उन्होंने 90 मुकाबलों में 2,962 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं।टी20 इंटरनेशनल में उन्हें 20 मैच खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने 375 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम एक अर्धशतक दर्ज है।
कप्तानी में नहीं हारा भारत
अजिंक्य रहाणे ने भारत की कप्तानी भी की और उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने कुल 6 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया की कमान संभाली। इनमें भारत ने 4 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा।रहाणे की कप्तानी में ही भारत ने साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिसे भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार दौरों में गिना जाता है।
भावुक संदेश के साथ कहा अलविदा
रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया। उन्होंने भारतीय टीम के साथ बिताए अपने यादगार पलों को याद किया और कहा कि देश के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा।रहाणे ने अपने संदेश में कहा कि अब उनके जीवन में आगे बढ़ने का सही समय आ गया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि भले ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन क्रिकेट से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा।उन्होंने कहा कि जीवन का यही सच है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और एक दिन उसका अंत भी आता है। सही समय आने पर उस फैसले का सम्मान करते हुए आगे बढ़ना ही सबसे बेहतर होता है।
ये भी पढ़ें….बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अनोखी श्रद्धा, 413 दिनों से दंडवत यात्रा कर काजीगुंड पहुंचा यूपी का श्रद्धालु








