Amarnath Yatra 2026: प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “प्रिय श्रद्धालु, हर हर महादेव! जय बाबा बर्फानी!” उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ यात्रा में शामिल होना हर श्रद्धालु के लिए बहुत बड़ा सौभाग्य होता है। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन पहली पूजा के साथ ही बाबा बर्फानी के दर्शन का शुभ क्रम शुरू हो जाता है। देश के हर कोने से लाखों शिवभक्त इस पवित्र यात्रा में शामिल होने के लिए उत्साह के साथ पहुंचते हैं। हर साल बाबा बर्फानी के दर्शन का यह अवसर श्रद्धालुओं के जीवन का यादगार और बेहद शुभ अनुभव बन जाता है। उन्होंने इस वर्ष यात्रा पर जाने वाले सभी शिवभक्तों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
आस्था और एकता का प्रतीक है अमरनाथ यात्रा
प्रधानमंत्री ने कहा कि बाबा अमरनाथ की यात्रा भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा का एक महत्वपूर्ण और अमर अध्याय है। हर वर्ष भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों से सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले लाखों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और परंपराओं से आने वाले लोग भगवान शिव के दर्शन का संकल्प लेकर इस कठिन यात्रा को पूरा करते हैं। यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और धार्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण है।

Amarnath Yatra 2026: श्राइन बोर्ड, प्रशासन और सुरक्षाबलों की सराहना
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कई दशकों से श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर सरकार पूरी लगन और सेवा भावना के साथ यात्रा का सफल संचालन कर रहे हैं। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन और सुरक्षाबलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस वर्ष भी हजारों अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
उन्होंने भारतीय सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डॉक्टरों और कर्मचारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सफाई मित्रों तथा श्रद्धालुओं की सेवा में लगे सभी लोगों का दिल से आभार व्यक्त किया।
सेवा और भाईचारे की मिसाल
प्रधानमंत्री ने कहा कि दो महीने तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान भारत की ‘विविधता में एकता’ का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर के लोगों के आतिथ्य और देशभर से आए श्रद्धालुओं की सेवा भावना को भी दर्शाती है। यात्रा के दौरान हजारों स्थानीय नागरिक श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। वहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोग यात्रा मार्ग और पवित्र गुफा के आसपास भंडारे और लंगर लगाकर निःस्वार्थ सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा भावना सनातन संस्कृति और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के आदर्श की सच्ची अभिव्यक्ति है।
Amarnath Yatra 2026: यात्रियों से पांच संकल्प लेने की अपील
प्रधानमंत्री ने इस वर्ष अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं से पांच महत्वपूर्ण संकल्प अपनाने का आग्रह किया।
1. स्वच्छता बनाए रखें: उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु यात्रा के दौरान स्वच्छता के नियमों का पालन करें और पूरे यात्रा मार्ग को साफ-सुथरा रखने में अपना योगदान दें।
2. सुरक्षा नियमों का पालन करें: प्रधानमंत्री ने अपील की कि प्रशासन के सभी निर्देशों, यातायात नियमों और सुरक्षा संबंधी सलाह का पूरी ईमानदारी से पालन करें। बारिश के कारण रास्तों में फिसलन और अधिक ठंड को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें।
3. स्थानीय उत्पाद खरीदें: उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देते हुए श्रद्धालु अपनी यात्रा के कुल खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा जम्मू-कश्मीर के स्थानीय उत्पाद खरीदने में खर्च करें। इससे वहां के परिवारों और युवाओं की आजीविका को मजबूती मिलेगी।
4. ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ें: प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के समापन दिवस यानी रक्षाबंधन के अवसर पर सभी लोग अपने भाई या बहन को एक पौधा उपहार में दें और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाएं।
5. राष्ट्र निर्माण में योगदान दें: उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ पूरे वर्ष अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा सनातन धर्म की आस्था, भारत की सांस्कृतिक एकता और सेवा की परंपरा का भव्य उत्सव बनेगी। उन्होंने बाबा अमरनाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे। सभी की यात्रा सुरक्षित, सफल और मंगलमय हो तथा उनके जीवन में नई ऊर्जा, नई चेतना और आध्यात्मिक शक्ति का संचार हो। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पित बनाएं, ताकि मिलकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा सके। अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को अमरनाथ यात्रा के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़ें…उत्तर प्रदेश: एटा में खड़ी रोडवेज बस से तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत








