Breaking News
Home » Foreign Affairs » America news: भीषण आग में 24 वर्षीय भारतीय छात्रा की मौत, अल्बानी हादसे ने उठाए कई सवाल!

America news: भीषण आग में 24 वर्षीय भारतीय छात्रा की मौत, अल्बानी हादसे ने उठाए कई सवाल!

AMERICA NEWS
AMERICA NEWS

America news: अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य के अल्बानी शहर में एक घर में लगी भीषण आग ने भारत से पढ़ाई करने गई 24 वर्षीय छात्रा साहजा रेड्डी उडुमाला की जान ले ली। आग में गंभीर रूप से झुलसी साहजा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 90% शरीर जल जाने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर साहजा के निधन पर गहरा दुख जताया और कहा कि वह परिवार के लगातार संपर्क में है और हर संभव मदद दे रहा है।

America news: कैसे हुआ हादसा?

अल्बानी पुलिस के मुताबिक, 4 दिसंबर की सुबह घर में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची तो घर पूरी तरह आग की लपटों में घिरा था और अंदर कई लोग फंसे थे। राहतकर्मियों ने चार वयस्कों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान एक महिला ने गंभीर जलने की वजह से दम तोड़ दिया, जिसकी पहचान बाद में परिवार ने साहजा रेड्डी उडुमाला के रूप में की।

America news: 90% जली थी साहजा

अधिकारियों ने बताया कि साहजा का शरीर लगभग 90% जल चुका था, जिससे उनके अंगों ने धीरे-धीरे काम करना बंद कर दिया। उनकी चचेरी बहन रत्ना गोपू ने GoFundMe पर फंडरेज़र शुरू किया है, जिसमें उन्होंने लिखा: “हमारी 24 वर्षीय साहजा सपनों और उम्मीदों से भरा भविष्य लेकर अमेरिका आई थीं। उन्होंने पूरी ताकत से जिंदगी से लड़ाई लड़ी, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि सुबह उन्होंने अंतिम सांस ले ली।”

परिवार के लिए जुटाए गए 1 लाख डॉलर

फंडरेज़र में साहजा के अंतिम संस्कार, स्मृति समारोह, शव को भारत लाने और अन्य खर्चों के लिए 1,20,000 अमेरिकी डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से अब तक 1,09,000 डॉलर से अधिक राशि मिल चुकी है। रत्ना ने बताया कि साहजा अपनी विनम्रता, दयालुता और मेहनत के लिए जानी जाती थीं। भारतीय दूतावास ने भी परिवार को कानूनी प्रक्रिया, प्रशासनिक मदद और शव भारत लाने में पूरा सहयोग देने की बात कही है।

 

यह भी पढ़ें: PM MODI-PUTIN: भारत-रूस ने दोहराई वैश्विक शांति की प्रतिज्ञा, मध्य-पूर्व से अफगानिस्तान तक सहयोग मजबूत