Anger Issue : गुस्सा एक पल में सब कुछ बिगाड़ देता है। मुंह से निकली बात सामने वाले के दिल में चुभ जाती है और सालों पुराना रिश्ता भी टूट जाता है। अगर आपका गुस्सा भी मिनटों में सातवें आसमान पर पहुंच जाता है तो यह 90 सेकंड का फॉर्मूला आपके लिए है। जब हमें कोई बात चुभती है तो दिमाग में तुरंत केमिकल रिएक्शन शुरू हो जाता है। दिल तेजी से धड़कने लगता है, खून खौलने लगता है।

यह पूरा बवंडर सिर्फ 90 सेकंड का होता है। अगर आप इन 90 सेकंड में रिएक्ट नहीं करते तो तूफान अपने आप शांत हो जाता है। दिक्कत तब होती है जब हम उसी बात को दिमाग में बार बार दोहराते रहते हैं। इससे गुस्सा ठंडा होने की बजाय और भड़कता है।
Anger Issue
- सांस पर लौट आएं: जैसे ही गुस्सा आए, गहरी सांस लेना शुरू करें। नाक से सांस अंदर खींचें, मुंह से धीरे धीरे छोड़ें। 90 सेकंड तक बस अपनी सांस पर ध्यान रखें।
- पानी का ब्रेक लें: एक गिलास पानी धीरे धीरे पिएं। पानी का हर घूंट आपको उस पल से थोड़ा दूर ले जाएगा।
- चुप्पी चुनें: 90 सेकंड तक कुछ न बोलें। न मैसेज करें, न फोन उठाएं। बस चुप रहें। यह चुप्पी आपका रिश्ता बचा लेगी।
- जगह बदलें: अगर संभव हो तो कमरे से बाहर निकल जाएं। बालकनी में चले जाएं या थोड़ी देर वॉक करें। जगह बदलते ही सोच भी बदल जाती है।
अपनाएं ये आदतें
- म्यूजिक थेरेपी: गुस्सा आने पर अपना फेवरेट गाना चला लें। संगीत दिमाग के नकारात्मक विचारों को काट देता है।
- पार्क वाला इलाज: जब लगे कि ज्वालामुखी फटने वाला है तो पास के पार्क में निकल जाएं। 10 मिनट की वॉक गुस्से को ठंडा कर देती है। इससे आप कुछ ऐसा कहने से बच जाएंगे जो बाद में पछतावा दे।
- रोज का ध्यान: गुस्से का पक्का इलाज मेडिटेशन है। रोज 20 मिनट आंख बंद करके बैठें। ध्यान से दिमाग शांत रहता है और छोटी बातों पर भड़कना बंद हो जाता है।
याद रखिए, गुस्सा एक इमोशन है, दुश्मन नहीं। उसे दबाना नहीं है, बस 90 सेकंड का वक्त देना है। इतने में केमिकल लोचा शांत हो जाएगा और आप सही फैसला ले पाएंगे। अगली बार जब खून खौले तो बस 90 तक गिनती गिन लीजिए। आपका रिश्ता और आपकी इज्जत दोनों बच जाएंगे।
Read More : Pre-Diabetes पर काबू से 58% तक घट सकता है हार्ट अटैक का खतरा, नई स्टडी में हुआ खुलासा!
Written By : Mansi Sharma








