Pre-Diabetes : डायबिटीज आज भारत से लेकर अमेरिका तक करोड़ों लोगों की परेशानी बन चुकी है लेकिन एक अच्छी खबर सामने आई है। नई रिसर्च कहती है कि अगर आप प्री डायबिटीज स्टेज में ही शुगर को काबू कर लेते हैं तो दिल की बीमारियों का खतरा 58 प्रतिशत तक घट सकता है। किंग्स कॉलेज लंदन की यह स्टडी द लैंसेट डायबिटीज एंड एंडोक्रिनोलॉजी में छपी है।

शोधकर्ताओं ने साफ किया कि प्री डायबिटीज कोई छोटी बात नहीं है। इसमें ब्लड शुगर सामान्य से ज्यादा होता है, लेकिन टाइप 2 डायबिटीज जितना नहीं। अगर इस स्टेज पर ध्यान न दिया जाए तो कुछ सालों में पूरी डायबिटीज होने का रिस्क बहुत बढ़ जाता है।
Pre-Diabetes कंट्रोल किया तो डबल फायदा
स्टडी के अनुसार, प्री डायबिटीज को रिवर्स करना दोहरा फायदा देता है। पहला, आप डायबिटीज से बच जाते हैं। दूसरा, आपका दिल भी सुरक्षित रहता है। रिसर्च में पाया गया कि जिन लोगों ने शुगर लेवल को वापस नॉर्मल कर लिया, उनमें हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा 58 प्रतिशत तक कम हो गया। सबसे अच्छी बात यह है कि इसका सकारात्मक असर लंबे समय तक बना रहता है।
सबसे बड़ा विलेन कौन?
प्री डायबिटीज की सबसे बड़ी वजह हमारी खराब लाइफस्टाइल है। देर रात तक जागना, सुबह देर से उठना, घंटों स्क्रीन देखना, जंक फूड और मीठा खाना, और शरीर को हिलाना डुलाना बंद कर देना। यही आदतें ब्लड शुगर को धीरे धीरे बढ़ाती हैं।
ऐसे करें बचाव
- वजन कंट्रोल करें: मोटापा शुगर का सबसे बड़ा दोस्त है। वजन घटते ही शुगर लेवल भी सुधरने लगता है।
- रोज 30 मिनट चलें: जिम जाना जरूरी नहीं। तेज वॉक, साइकिलिंग या डांस भी काफी है। रोजाना एक्सरसाइज इंसुलिन को बेहतर काम करने में मदद करती है।
- खाने में बदलाव लाएं: चीनी, मैदा और डीप फ्राई चीजों से दूरी बनाएं। हरी सब्जी, दाल, सलाद और फाइबर वाली डाइट को प्लेट में जगह दें।
- नींद से समझौता नहीं: रात को समय पर सोना और 7 से 8 घंटे की नींद लेना बहुत जरूरी है। कम नींद शुगर बढ़ाती है।
- स्क्रीन टाइम घटाएं: फोन और लैपटॉप पर घंटों बैठने से बचें। हर एक घंटे बाद उठकर थोड़ा टहल लें।
सीधी बात यह है कि प्री डायबिटीज एक चेतावनी है। इसे अलार्म की तरह लीजिए। समय रहते खानपान और दिनचर्या सुधार ली तो न सिर्फ डायबिटीज रुकेगी, बल्कि आपका दिल भी सालों तक तंदुरुस्त रहेगा।
Read More : Panjiri Ladoo: पंजीरी के लड्डू से सेहत को मिलते हैं कई फायदे, जानिए आसान रेसिपी
Written By : Mansi Sharma








