Anupam Kher: दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह के बीच कई साल पहले हुआ विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हाल ही में इंटरनेट पर एक पुराना वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नसीरुद्दीन शाह ने अनुपम खेर के राजनीतिक विचारों को लेकर उन्हें ‘चाटुकार’ और ‘जोकर’ कहा था। इसके बाद अनुपम खेर का भी पुराना जवाबी वीडियो फिर से वायरल होने लगा, जिसमें उन्होंने कहा था कि नसीरुद्दीन शाह की सोच पर उन चीजों का असर है, जिनका वे कई सालों से सेवन करते रहे हैं। अब इस विवाद के दोबारा चर्चा में आने पर अनुपम खेर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और दोनों के मौजूदा रिश्तों के बारे में भी खुलकर बात की है।
वायरल वीडियो पर क्या बोले अनुपम खेर?
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर वायरल हो रहे पुराने विवाद पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनके और नसीरुद्दीन शाह के बीच का मतभेद काफी पहले ही खत्म हो चुका है। अभिनेता का दावा है कि छह साल पुराने वीडियो को जानबूझकर दोबारा वायरल किया गया ताकि उन्हें निशाना बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि राम मंदिर दान गबन विवाद पर अपनी राय रखने के बाद से कुछ लोग लगातार उन्हें ट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं और इसी वजह से पुराने वीडियो को फिर से सामने लाया गया।
ट्रोलिंग को लेकर क्या कहा?
वीडियो में अनुपम खेर ने कहा, “कुछ दिन पहले मैं अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करने गया था और वहां से जुड़ी अपनी भावनाएं साझा की थीं। मेरी बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आई क्योंकि वह उनके एजेंडे से मेल नहीं खाती थी। इसके बाद मुझे ट्रोल करने और बदनाम करने की कोशिश शुरू हो गई। जब उन्हें मेरे खिलाफ कुछ नया नहीं मिला, तो उन्होंने नसीरुद्दीन शाह का छह साल पुराना वीडियो निकालकर वायरल कर दिया।”

अब कैसे हैं दोनों के रिश्ते?
71 वर्षीय अनुपम खेर ने साफ कहा कि विचारों में मतभेद होने के बावजूद आज उनके और नसीरुद्दीन शाह के रिश्ते सामान्य और सम्मानजनक हैं। उन्होंने बताया कि दोनों कई बार मिल चुके हैं, एक-दूसरे को गले भी लगाया है और आपसी सम्मान बनाए हुए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि कई लोगों ने उन्हें इस मुद्दे को छोड़ देने की सलाह दी थी, लेकिन वे यह भूल गए कि उन्होंने उस समय भी इस वीडियो का जवाब देकर अपना पक्ष साफ कर दिया था। अनुपम खेर ने यह भी बताया कि साल 2025 में नसीरुद्दीन शाह ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर माफी भी मांगी थी।
क्या था पूरा विवाद?
यह विवाद साल 2020 में शुरू हुआ था, जब दोनों कलाकारों के बीच वैचारिक मतभेद खुलकर सामने आए थे। एक इंटरव्यू में नसीरुद्दीन शाह ने सरकार का समर्थन करने को लेकर अनुपम खेर की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि अनुपम खेर को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, वे एक जोकर हैं और उनके साथ काम कर चुके कलाकार भी उनकी चापलूसी करने की आदत के बारे में जानते हैं।
इसके जवाब में अनुपम खेर ने एक वीडियो जारी किया था। उन्होंने कहा था, “नसीर साहब, मैंने आपका इंटरव्यू देखा। आपने मुझे जोकर और चाटुकार कहा, इसके लिए धन्यवाद। मैंने कभी आपके बारे में कुछ गलत नहीं कहा, लेकिन अब कहना चाहता हूं कि इतनी सफलता मिलने के बाद भी आपने पूरी जिंदगी निराशा में बिताई है। अगर आप दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, शाहरुख खान और विराट कोहली जैसे लोगों की आलोचना कर सकते हैं, तो मैं खुद को अच्छे लोगों की सूची में मानता हूं। हमें पता है कि यह आपकी अपनी बात नहीं है, बल्कि उन चीजों का असर है जिनका आप वर्षों से सेवन करते आ रहे हैं।”हालांकि, अब दोनों कलाकार इस पुराने विवाद को पीछे छोड़ चुके हैं और उनके बीच संबंध सामान्य बताए जा रहे हैं।
अयोध्या में कर रहे हैं फिल्म की शूटिंग
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर इन दिनों अयोध्या में अपनी आने वाली फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म से उनका पहला लुक भी सामने आ चुका है, जिसमें वे धोती-कुर्ता पहने और माथे पर तिलक लगाए दिखाई दे रहे हैं। इस फिल्म में वह अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं। शूटिंग के दौरान ही उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन भी किए थे।
यह भी पढे़…देवघर चारा घोटाला केस में लालू यादव को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने CBI की याचिका की खारिज.








