Home » स्पोर्ट्स » एशियन गेम्स-2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स-2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड मेडल

महिला क्रिकेट में भारत की शानदार जीत

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए श्रीलंका को 147 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन का विशाल स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 69 रन पर सिमट गई।

Asian Games 2026: मंधाना-शेफाली ने दी तेज शुरुआत

भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 9.6 ओवर में 99 रन जोड़ दिए। मंधाना शानदार फॉर्म में नजर आईं और उन्होंने तेजी से रन बनाकर श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। वहीं, शेफाली वर्मा ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 29 गेंदों में 48 रन बनाए।

Asian Games 2026: भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराया
भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराया
मंधाना ने जड़ा शानदार अर्धशतक

शेफाली के आउट होने के बाद भी स्मृति मंधाना ने एक छोर से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मंधाना ने कुल 45 गेंदों पर 79 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चौकों से ज्यादा छक्के लगाए। उनके बल्ले से 7 छक्के और 5 चौके निकले। इसी पारी के दौरान भारतीय उपकप्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 11 हजार रन भी पूरे कर लिए। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बनीं।

Asian Games 2026: हरमनप्रीत नहीं कर सकीं बड़ी पारी

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आईं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर बड़ी पारी नहीं खेल पाईं। उन्होंने 17 गेंदों का सामना किया और 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद पारी के आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी करते हुए भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।

महिला क्रिकेट में भारत की शानदार जीत
महिला क्रिकेट में भारत की शानदार जीत
ऋचा घोष ने मचाई धूम

ऋचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। दूसरी ओर भारती फुलमाली ने एक छोर संभाले रखा और 7 गेंदों में 7 रन बनाए। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए सिर्फ 19 गेंदों में 53 रन की नाबाद साझेदारी की।

Asian Games 2026: श्रीलंका की गेंदबाजी

श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चमुदी प्रबोधा ने भारतीय पारी के दौरान 1-1 विकेट हासिल किया। इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते टीम ने 20 ओवर में 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसका जवाब श्रीलंकाई टीम नहीं दे सकी।