Azam Khan on Owaisi: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है। जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने ओवैसी के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हैदराबादी बिरयानी का जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी खाना पसंद करते हैं। आजम खान ने ओवैसी को लेकर यह भी कहा कि वे एक बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। उनके इस बयान को यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और AIMIM के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी के तौर पर देखा जा रहा है।
Azam Khan on Owaisi: दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता: आजम खान
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आजम खान ने कहा, “वे एक बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता, ठीक वैसे ही जैसे दाढ़ी रखने से कोई साधु नहीं बन जाता।” उन्होंने आगे कहा कि ओवैसी की शुभकामनाओं के लिए वह उनके आभारी हैं। आजम खान के मुताबिक, उनका घर यहां से कुछ ही कदम की दूरी पर है और वहां टेलीफोन भी मौजूद है। ओवैसी चाहें तो उनकी पत्नी को फोन करके उनका हालचाल पूछ सकते थे या खुद उनसे मिलने आ सकते थे। आजम खान ने ओवैसी की शुभकामनाओं पर तंज कसते हुए कहा, “वह कोई दुआ नहीं थी, असल में, वह मेरे दुश्मनों के लिए एक दवा थी।”
Azam Khan on Owaisi: ओवैसी ने आजम खान को लेकर क्या कहा था?
दरअसल, इससे पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की जेल में आजम खान से मुलाकात का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि लोग राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं और अलग-अलग दलों की मंशा को समझ रहे हैं। ओवैसी ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी लगातार आजम खान के समर्थन में आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सवाल उठाया था कि जेल में बंद दलित और वंचित समुदायों के लोगों के लिए दूसरे राजनीतिक नेता आवाज क्यों नहीं उठाते।
यूपी चुनाव से पहले सपा और AIMIM के बीच बढ़ेगी सियासी तल्खी?
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी और समाजवादी पार्टी के अलावा असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी भी चुनावी मैदान में अपनी भूमिका मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में आजम खान का ओवैसी पर तंज राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी यूपी की राजनीति में चर्चा का विषय बन सकती है।
सीएम योगी के बयान पर भी आजम खान ने दी प्रतिक्रिया
आजम खान ने गोरखपुर में PDA रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से 12 साल के बच्चे की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जिम्मेदारी के पद पर बैठे व्यक्ति से मर्यादा, शालीनता और तहजीब की उम्मीद की जाती है। आजम खान ने अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री रह चुके हैं, पांच बार सांसद रहे हैं और कई बार सरकारों का हिस्सा रहे हैं। ऐसे में भाषा के कुछ मानक और पद की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। किसी को भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जिससे इस मर्यादा को ठेस पहुंचे।
यह भी पढ़े- EPFO Meeting Decisions: रिटायरमेंट के बाद हर महीने मिलेगा PF का पैसा, SWP योजना को मंजूरी








