Home » Breaking News » चढ़ावा विवाद पर BKTC का एक्शन मोड! आरोपों का किया खंडन, जांच के बाद होगी कार्रवाई

चढ़ावा विवाद पर BKTC का एक्शन मोड! आरोपों का किया खंडन, जांच के बाद होगी कार्रवाई

Badrinath Temple: बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले ने उत्तराखंड में नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस बीच श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने स्पष्ट किया है कि किसी एक कर्मचारी की कथित गलती के आधार पर पूरी समिति की कार्यप्रणाली और ईमानदारी पर सवाल उठाना उचित नहीं है। समिति का कहना है कि वह वर्षों से तय कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के तहत कार्य करती आ रही है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

BKTC ने कहा- एक व्यक्ति की गलती को समिति से न जोड़ें

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के वित्त नियंत्रक हेम कंडपाल ने कहा कि यह मामला किसी एक व्यक्ति से जुड़ा हुआ है, न कि पूरी समिति की कार्यप्रणाली से। उन्होंने बताया कि BKTC वर्ष 1939 के अधिनियम के तहत संचालित होती है और लंबे समय से स्थापित नियमों एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करती है। कंडपाल ने कहा कि किसी कर्मचारी की व्यक्तिगत गलती को पूरी संस्था की ईमानदारी और व्यवस्था से जोड़ना न्यायसंगत नहीं है।

Badrinath Temple: मुख्यमंत्री धामी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी करना अत्यंत गंभीर अपराध है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का भी गठन किया गया है।

प्रमोद नौटियाल पर दर्ज हुआ आपराधिक मामला

मामले में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष कार्यालय में निजी सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। उन पर मंदिर के चढ़ावे की राशि के कथित अवैध गबन और व्यक्तिगत लाभ के लिए धन के दुरुपयोग का आरोप है। शिकायत के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बद्रीनाथ पुलिस थाने में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 306 और धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब गठित जांच समिति पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करेगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

REPORT BY- RASHMI SHARMA

ये भी पढ़े…. महाराष्ट्र में UCC पर बढ़ी राजनीति! BJP खुश, विपक्ष बोला- पहले जनता को दिखाइए ड्राफ्ट