Home » अंतर्राष्ट्रीय » थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक में बड़ा हादसा, पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत, जांच जारी

थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक में बड़ा हादसा, पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत, जांच जारी

बैंकॉक के पब में आग का कहर

Bangkok Pub Fire: थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। सोमवार तड़के शहर के एक पब में भीषण आग लग गई, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की तेज लपटें और घना धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है।

आधी रात के आसपास मिली सूचना

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बचाव कर्मियों ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल गई थी, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में कम से कम 27 लोगों की जान चली गई।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो

घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे लोगों ने हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। वीडियो में बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित पब के सामने वाले गेट से आग की ऊंची लपटें निकलती और आसमान में काला धुआं फैलता दिखाई दे रहा है। कुछ लोग जान बचाने के लिए वहां से भागते हुए भी नजर आ रहे हैं।

आधे घंटे में पाया गया आग पर काबू

थाइलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में पब के अंदर जले हुए टेबल-कुर्सियां और पूरी तरह क्षतिग्रस्त इंटीरियर देखा जा सकता है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

थाइलैंड में इससे पहले भी आग लगने की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। माना जाता है कि उस समय आग इनडोर आतिशबाजी की वजह से लगी थी।

यह भी पढ़े…. सर्पदंश से युवक की मौत, एंटी-वेनम नहीं मिलने का परिजनों ने लगाया आरोप