Bankipur by election: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए अपने उम्मीदवार में बदलाव कर दिया है। पार्टी के पहले घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद भाजपा ने संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है। इस बदलाव के साथ बांकीपुर का चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है।
अभिषेक कुमार ने वापस ली उम्मीदवारी
भाजपा के पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने नए उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया पूरी करते हुए नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर लगा दी।
Bankipur by election: कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार सिन्हा का जन्म 1 जुलाई 1994 को पटना में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय युग कुमार और माता स्वर्गीय सरोज देवी थीं। वह पटना के मीठापुर क्षेत्र के निवासी हैं और अविवाहित हैं। उन्होंने स्नातक (बी.ए.) तक की शिक्षा प्राप्त की है। युवा और संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान बनाई जाती है।

भाजपा संगठन में लंबा अनुभव
नीरज कुमार सिन्हा वर्ष 2006 से भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्ष से लेकर मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता को देखते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।
Bankipur by election: बांकीपुर में होगा दिलचस्प मुकाबला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अब मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। भाजपा की ओर से नीरज कुमार सिन्हा मैदान में हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में बांकीपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना जताई जा रही है, जिस पर पूरे बिहार की राजनीतिक नजर बनी हुई है।








