Bhojshala Temple: मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला में हाई कोर्ट के हालिया आदेश के बाद पहला शुक्रवार प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शुक्रवार को भोजशाला परिसर में हिंदू संगठनों द्वारा मां वाग्देवी की विशेष पूजा-अर्चना और आंदोलन से जुड़े लोगों के सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संवेदनशील आयोजन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। पूरे शहर को सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया है और करीब 1500 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
मां वाग्देवी की विशेष पूजा का आयोजन
हिंदू संगठनों की ओर से शुक्रवार दोपहर एक बजे अखंड ज्योति मंदिर में एकत्रित होने का कार्यक्रम तय किया गया है। यहां से सभी लोग सामूहिक रूप से भोजशाला परिसर पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक मां वाग्देवी की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। इस दौरान भोजशाला आंदोलन से जुड़े उन लोगों का भी सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने आंदोलन के दौरान बलिदान दिया, घायल हुए या जेल गए थे। हिंदू संगठनों में हाई कोर्ट के आदेश के बाद विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
Bhojshala Temple: हाई कोर्ट के आदेश के बाद बदला माहौल
यह पहला शुक्रवार होगा जब हाई कोर्ट के आदेश के बाद भोजशाला परिसर का माहौल बदला हुआ नजर आएगा। नए आदेश के अनुसार अब भोजशाला परिसर में नमाज नहीं होगी। इसी कारण प्रशासन किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क है। धार प्रशासन ने पूरे भोजशाला क्षेत्र और आसपास के इलाकों को भारी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में ले लिया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे इलाके पर नजर रख रही है। शहर के प्रमुख चौराहों और भोजशाला मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस की टीमें दोपहिया और चारपहिया वाहनों से लगातार गश्त कर रही हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Bhojshala Temple: सोशल मीडिया पर प्रशासन की सख्ती
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि किसी ने सोशल मीडिया मंचों पर भड़काऊ, भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट साझा की तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि हाई कोर्ट के आदेश का पालन कराते हुए शहर में भाईचारा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें…बंगाल में बकरीद पर पशु वध रोक बरकरार, HC ने सरकार के आदेश को दी मंजूरी








