Home » बिहार » बिहार में मिड-डे मील खाते ही स्कूल में मची अफरा-तफरी, 250 से ज्यादा बच्चे बीमार

बिहार में मिड-डे मील खाते ही स्कूल में मची अफरा-तफरी, 250 से ज्यादा बच्चे बीमार

Bihar news: बिहार के सहरसा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महिषी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को मिड-डे मील खाने के बाद 250 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को अचानक पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पतालों में भर्ती कराए गए बच्चे

जानकारी के मुताबिक, करीब 115 बच्चों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि लगभग 50 बच्चों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है। कुछ बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया गया।

Bihar news: खाना खाने के थोड़ी देर बाद बिगड़ी तबीयत

स्कूल के छात्रों ने बताया कि मिड-डे मील में चावल और दाल परोसी गई थी। खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। एक के बाद एक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी तो स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

Bihar news: दाल के बर्तन में सांप मिलने का दावा

घटना के बाद कुछ अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस बर्तन में दाल रखी गई थी, उसमें सांप मिला था। बताया जा रहा है कि स्कूल के करीब 545 छात्रों में से लगभग 200 बच्चे खाना खा चुके थे। हालांकि प्रशासन ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है।

जांच के लिए भेजे गए खाने के नमूने

जिलाधिकारी ने बताया कि एफएसएल टीम और औषधि निरीक्षक ने मौके से खाने के नमूने जुटाए हैं। अब इन सैंपलों की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि बच्चों की तबीयत आखिर किस वजह से बिगड़ी।

डॉक्टर बोले- फूड प्वाइजनिंग का मामला लग रहा

Bihar news: सिविल सर्जन डॉक्टर राजनारायण प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। फिलहाल राहत की बात यह है कि सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

 

 

ये भी पढ़ें: जीजा-साली निकले ‘बंटी-बबली’, गुजरात में चोरी कर जी रहे थे लग्जरी लाइफ