Bihar News: पटना में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। दिनदहाड़े हथियार के बल पर दंपति से लूट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के समनपुरा इलाके का है, जहां बदमाशों ने बीच सड़क पर वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने दंपति को बीच सड़क रोका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित दंपति दामोदरम केपी और उनकी पत्नी अलया फतीमा बाइक से अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। दोनों पटना के एक हाई कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं और रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए निकले थे। तभी कॉलेज से महज कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ही बाइक पर सवार तीनों बदमाशों ने दंपति को बीच सड़क पर रोक लिया। इसके बाद उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर दंपति पर तान दी और जबरन सोने की चेन छीनने लगा। दंपति द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

इस पूरी घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय सड़क पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन बदमाशों के हाथ में हथियार देखकर कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि समनपुरा इलाके में हुई इस छिनतई की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पीड़ितों के बयान के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Bihar News: मामले में पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी इस तरह की घटनाएं होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है।
ये भी पढ़े… मंत्री ओपी-राजभर के गनर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है मामला…








