BIHAR NEWS: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के खिलाफ हेट स्पीच मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी (Sanjay Saraogi) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने पिछले 15 वर्षों में बंगाल की जनता के साथ अन्याय और भ्रष्टाचार किया है, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है।
’15 साल जनता के साथ हुआ धोखा’
मीडिया से बातचीत में संजय सरावगी ने कहा कि जिस प्रकार की सांप्रदायिक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने पिछले डेढ़ दशक में भ्रष्टाचार और कथित ‘कट मनी’ व्यवस्था के जरिए जनता को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा, “टीएमसी ने बंगाल की जनता के साथ पाप किया है। अब गलत कामों का प्रायश्चित करना ही होगा और कानून अपना काम करेगा।”
BIHAR NEWS: ‘अभिषेक बनर्जी पर भी जांच जारी’
भाजपा नेता ने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) के आवास पर भी पुलिस और सीआईडी की टीमें लगातार पूछताछ के लिए पहुंच रही हैं। उनके मुताबिक इससे साफ है कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और कानून के दायरे में कार्रवाई आगे बढ़ रही है।
टीएमसी में भगदड़ का दावा
संजय सरावगी ने कहा कि बंगाल में टीएमसी के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई सांसद और विधायक पार्टी से दूरी बना रहे हैं और लोकसभा में अलग बैठने की मांग तक कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। अब टीएमसी के जनप्रतिनिधियों को भी लगने लगा है कि वे पार्टी के प्रतीक पर चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं।”
BIHAR NEWS: ’60 से ज्यादा विधायक अलग हुए’
भाजपा नेता ने दावा किया कि टीएमसी से कई विधायक अलग हो चुके हैं और राज्य की राजनीति में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। उनके अनुसार यह स्थिति पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष का संकेत है।
मीनाक्षी नटराजन मामले पर भी बोले
मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन(Meenakshi Natarajan) का नामांकन रद्द होने के मुद्दे पर भी सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार के खिलाफ कोई मामला लंबित है और उसकी जानकारी नामांकन में नहीं दी जाती है, तो रिटर्निंग अधिकारी को कार्रवाई करने का अधिकार है।उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा की जीत हो चुकी है और चुनाव प्रक्रिया कानून के अनुसार पूरी हुई है।
ये भी पढ़े… होर्मुज स्ट्रेट में धमाके, ईरानी नौसेना ने जहाजों पर की गोलीबारी








