Bihar news: बिहार के मोतिहारी से एक दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है। मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज की एक छात्रा की हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, जबकि मृतका के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। मृतक छात्रा की पहचान रिम्मी कुमारी के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की थर्ड ईयर की छात्रा थी। रिम्मी मूल रूप से मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक की रहने वाली थी और उसके पिता प्रदीप कुमार टेंट व्यवसायी हैं।
परीक्षा देकर लौटी थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक, रिम्मी बुधवार को बेतिया के कुमारबाग इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा देकर वापस हॉस्टल लौटी थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। गुरुवार दोपहर जब सफाईकर्मी कमरे की सफाई के लिए पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर जब कमरे के अंदर देखा गया तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई।
Bihar news: पुलिस ने मोबाइल जब्त किया
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है और छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मान रही है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया गया है।
Bihar news: कॉलेज प्रशासन ने क्या कहा?
कॉलेज के प्रिंसिपल नवनीत कुमार ने बताया कि हॉस्टल में सभी छात्राओं को अलग-अलग कमरे दिए गए हैं। सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो छात्रा का शव बेड पर रखा हुआ था। कॉलेज प्रशासन फिलहाल पुलिस जांच का इंतजार कर रहा है।
पिता बोले- बेटी बिल्कुल सामान्य थी
Bihar news: मृतका के पिता प्रदीप कुमार ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि घटना से एक रात पहले उनकी बेटी से बात हुई थी और वह पूरी तरह सामान्य लग रही थी। परिवार का कहना है कि रिम्मी किसी तरह के तनाव या डिप्रेशन में नहीं थी। वहीं छात्रा की जांच करने वाले डॉक्टर शफी इमाम ने बताया कि शव के गर्दन पर निशान पाए गए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु में एयर इंडिया विमान हादसा टला, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराई प्लेन की टेल








